बुलंदशहर: प्रधान प्रत्याशी ने गांव में बांटी शराब, पीने के बाद 2 युवकों की मौत, दो की हालत बिगड़ी
बुलंदशहर, अप्रैल 21: यूपी के बुलंदशहर में प्रधान पद के उम्मीदवार की बांटी हुई शराब पीने के बाद बुधवार को दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, वहीं दोनों बीमार लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। डीएम ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले की जांच एसपी सिटी सुरेंद्र नाथ तिवारी कर रहे हैं।

प्रधान प्रत्याशी ने ठेके खरीद कर बांटी थी शराब
मामला बुलंदशहर के गांव छपरावत का है। बताया गया कि ग्राम प्रधान प्रत्याशी ने ठेके से शराब खरीदकर गांव में बांटी थी। इस शराब को पीने के बाद नीटू तोमर (37) पुत्र धर्म सिंह और अमजद (35) की मौत हो गई] जबकि 2 लोग बीमार होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। मामले की सूचना मिलने पर डीएम रविंद्र कुमार, एसएसपी और सीएमओ सहित अन्य अधिकारी गांव में पहुंचे। एसपी सिटी सुरेंद्र नाथ तिवारी ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
डीएम ने कहा- जांच के बाद होगी कड़ी कार्रवाई
डीएम रविंद्र कुमार ने बताया कि शराब ठेके से खरीदी गई थी। बताया जा रहा है कि प्रधान पद के प्रत्याशी ने शराब को बांटा है। पुलिस उसे तलाश कर रही है। पूरे मामले की जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।बता दें, उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के लिए 26 अप्रैल को मतदान होने हैं। इससे पहले राज्य निर्वाचन आयोग ने 20 जिलों में निर्विरोध निर्वाचित होने वाले सदस्यों के आंकड़े जारी किए हैं। तीसरे चरण में जिन 20 जिलों में चुनाव होना है, उनमें से जिला पंचायत के छह सदस्य, 371 क्षेत्र पंचायत के सदस्य, 55 ग्राम प्रधान और 70428 ग्राम पंचायत के सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications