दीपावली से पहले जहरीली हुई बुलंदशहर की हवा, बना देश का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर
बुलंदशहर, 02 नवंबर: प्रकाश पर्व दीपावली से पहले बुलंदशहर की हवा बेहद जहरीली हो गई। प्रदूषण के लिहास से जनपद बुलंदशहर रेड जोन में आ गया है। देश के सबसे प्रदूषित 131 शहरों में बुलंदशहर सोमवार 01 नवंबर को दूसरे स्थान पर रहा। सोमवार को बुलंदशहर का एक्यूआई (एयर क्वालिटी इंडेक्स) 331 था। तो वहीं, देश के सबसे ज्यादा प्रदूषण वाले शहरों की टॉप लिस्ट में गाजियाबाद पहले और आगरा तीसरे स्थान पर आ गए।

बुलंदशहर में एक्यूआई खतरनाक स्तर से अधिक है, जिस वजह से जनपद में आतिशबाजी पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। बुलंदशहर जिला प्रशासन ने सख्त आदेश दिए हैं कि जनपद में आतिशबाजी बेचने के साथ ही पटाखा छोड़ने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि बुलंदशहर जनपद की हवा खतरनाक स्तर तक पहुंचने के बाद यह निर्णय लिया है। जिला प्रशासन के इस फैसले के बाद पटाखा व्यापारियों में हड़कंप मच गया। वो सोमवार को फिर से कलक्ट्रेट पहुंचे और आतिशबाजी बेचने की अनुमति मांगी।
उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि बड़ी संख्या में व्यापारी दिवाली का इंतजार करते हैं, ताकि वह दुकान लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर सकें। तो वहीं, दूसरी तरफ जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह का कहना है कि पिछले पांच दिन से जनपद के एक्यूआई पर नजर रखी जा रही है। जनपद का एक्यूआई खराब की श्रेणी में है। ऐसे में सुप्रीम कोर्ट और एनजीटी के आदेश के अनुपालन के क्रम में आतिशबाजी की बिक्री और पटाखे छुड़ाने पर रोक रहेगी। पटाखा बेचने और छोड़ने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
डॉक्टरों ने मास्क व चश्मा पहनने की दी सलाह
डीजल वाहनों से धुंआ निकलने और निर्माण गतिविधियों के कारण उड़ती धूल के गुबार के साथ सड़कों पर फैली धूल भी प्रदूषण की वजह है। इसके अलावा जिले में जलाए जा रहे कूड़े पर लगाम न लगने के कारण भी वायु प्रदूषण का स्तर दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। डॉक्टर लोगों को घर से बाहर निकलने के दौरान मास्क व आंखों पर चश्मा पहनने की सलाह दे रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications