शराब पीकर शख्स ने बार पर ही ठोका मुकदमा, कहा- उन्होंने ज्यादा पीला दी, अब मिला 40 करोड़ का हर्जाना
नई दिल्ली, 16 अगस्त: शराब के सेवन को लेकर दुनियाभर के हर देश में अलग-अलग कानून हैं। अब अमेरिका से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां पर एक शख्स ने जमकर शराब पी। उसके बाद उसने बवाल किया। आमतौर पर ऐसे मामले में शराब पीने वाले पर कार्रवाई होती है, लेकिन वहां पर उल्टा बार पर ही गाज गिरी। साथ ही उसे शराब पीने वाले शख्स को करोड़ों रुपये का हर्जाना देना पड़ेगा।

सिर में लगी गंभीर चोट
ह्यूस्टन क्रॉनिकल की रिपोर्ट के मुताबिक एक टेक्सन व्यक्ति, जिसकी पहचान डेनियल रॉल्स के रूप में हुई है, उन्होंने मई 2019 में एक दिन जमकर शराब पी। इसके बाद वो पार्किंग में पहुंचे और वहां पर उनका एक अन्य शख्स रॉबर्ट हेनरिकसन से विवाद हो गया। इस घटना में रॉल्स के सिर पर गंभीर चोट लगी, जिस पर तुरंत उनको अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि बाद में वो ठीक हो गए, लेकिन उन्होंने एक बड़ा कदम उठाया जिसे देखकर सब हैरान रह गए।

बार पर ठोका मुकदमा
अस्पताल से आने के बाद रॉल्स ने सबसे पहले उस बार पर मुकदमा ठोका। याचिका में उन्होंने बताया कि वो एंड्रयूज में ला फोगाटा मैक्सिकन ग्रिल नाम के रेस्टोंरेंट (बार) में शराब पी रहे थे। जब वो वहां से निकले तो पार्किंग स्थल में उनका एक शख्स से विवाद हो गया। इस दौरान उनके सिर में चोट लगी, जिससे उनको गंभीर समस्या हो गई है। इस वजह से वो रेस्टोंरेंट के मुआवजा चाहते हैं। सबसे ज्यादा हैरानी की बात ये है कि जिस शख्स ने उन्हें मारा उससे उन्होंने कोई मुआवजा नहीं मांगा।

बारटेंडर को नहीं दी ट्रेनिंग
याचिका में रॉल्स ने आगे कहा कि उनकी चोट के लिए रेस्टोरेंट के मालिक लूर्डेस गैलिंडो और एक अज्ञात बारटेंडर जिम्मेदार है, क्योंकि उन्होंने दो पुरुषों को काफी देर तक पीने दिया। इसके बाद उन्हें एक साथ रेस्टोरेंट से जाने की अनुमति दी। याचिकाकर्ता का आरोप है कि मालिक ने अपने बारटेंडर को ट्रेनिंग नहीं दी थी, जिस वजह से उसने ग्राहकों को ज्यादा शराब परोस दी।

पार्किंग में नहीं सही इंतजाम
रॉल्स का ये भी आरोप है कि रेस्टोरेंट के मालिक ये सुनिश्चित करने में विफल रहे कि पार्किंग स्थल में ऐसा कोई खतरा न हो, जो नशे में ग्राहकों के लिए खतरा पैदा कर सके। शुरू में तो लोग इसे फर्जी याचिका समझकर इसका मजाक उड़ा रहे थे, लेकिन जब एंड्रयूज काउंटी 109वें जिला न्यायालय ने रॉल्स के पक्ष में फैसला सुनाया तो सभी हैरान रह गए।

40 करोड़ रुपये देने का आदेश
कोर्ट ने रेस्टोरेंट के मालिक को 5.5 मिलियन डॉलर का हर्जाना देने का आदेश दिया है। भारत के हिसाब से ये रकम 40 करोड़ से ज्यादा की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रेस्टोरेंट के मालिक ने सुनवाई के दौरान हिस्सा नहीं लिया। जिस वजह से कोर्ट ने ये नहीं देखा कि रॉल्स के दावे सही हैं या नहीं। अब मालिक ला फोगाटा के पास अपील करने के लिए 30 दिन का समय होगा, अगर वो फिर से मुकदमा चलाना चाहते हैं। वैसे रॉल्स का कथित तौर पर बहुत अधिक शराब पीने का इतिहास रहा है। उनकी इन्हीं हरकतों की वजह से उन्हें दो बार गिरफ्तार किया गया। दोनों बार उन पर शराब पीकर बवाल करने का आरोप लगा था।












Click it and Unblock the Notifications