पावरी गर्ल की इस हरकत से भड़क गए पाकिस्तान के लोग, सोशल मीडिया पर लिख रहे हैं उल्टा-सीधा
पावरी गर्ल की इस हरकत से भड़क गए पाकिस्तान के लोग, सोशल मीडिया पर लिख रहे हैं उल्टा-सीधा
नई दिल्ली, 27 मई: 'पावरी गर्ल' के नाम से मशहूर पाकिस्तानी डांसर दानानीर मोबीन फिर से एक बार सोशल मीडिया पर सुर्खियों में हैं। 'पावरी हो रही है...' के मीम्स और उनके वीडियो के अलावा सोशल मीडिया यूजर्स दानानीर मोबीन के बारे में हर डिटेल जानने में भी रुचि रखते हैं। लेकिन इस बार पावरी गर्ल सोशल मीडिया पर ट्रोल हो रही हैं। ट्विटर यूजर दानानीर मोबीन की आलोचना कर रहे हैं। सोशल मीडिया सेंसेशन बन चुकी पावरी गर्ल दानानीर मोबीन को इस हफ्ते पाकिस्तान की एक विज्ञान और प्रौद्योगिकी यूनिवर्सिटी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बुलाया गया था, जो लोगों को बिल्कुल पसंद नहीं आया।

पावरी गर्ल को लेकर पूरे देश में है गुस्सा
पाकिस्तान की एक यूनिवर्सिटी के कार्यक्रम में विज्ञान और प्रौद्योगिकी के छात्रों को संबोधित करने के लिए सोशल मीडिया स्टार दानानीर मोबीन को आमंत्रित किए जाने पर पूरा देश गुस्से में है। सोशल मीडिया के महत्व और आज की जिंदगी में ये कितना हावी है, इसपर राय रखने के लिए दानानीर मोबीन को एक पैनल चर्चा के लिए आमंत्रित किया गया था।

आखिर पावरी गर्ल से क्यों गुस्सा हैं पाकिस्तानी
19 साल की पाकिस्तानी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर दानानीर मोबीन पाकिस्तान के शहीद जुल्फिकार अली भुट्टो इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (एसजेडएबीआईएसटी) के मीडिया फेस्विटल में बतौर स्पीकर गई थीं। इस कार्यक्रम में 'द इंस्टेंट रिवोल्यूशन- द राइज ऑफ डिजिटल स्टार्स' विषय पर दानानीर मोबीन ने अपनी बात रखी। ये बात पाकिस्तान के लोगों को बिल्कुल रास नहीं आई और उन्होंने दानानीर मोबीन और यूनिवर्सिटी दोनों को सोशल मीडिया पर जमकर उल्टा-सीधा सुनाया है।

'अब पावरी गर्ल समाज में शिक्षा की बात करेगी...'
जहां छात्रों का एक निश्चित वर्ग और समाज का एक तबका इस दानानीर मोबीन के इस कार्यक्रम में शामिल होने से खुश था, वहीं कुछ लोग इस बात को लेकर भड़क गए हैं। एक अन्य वर्ग ने छात्रों को प्रेरित करने के लिए जिस तरह के वक्ताओं को आमंत्रित किया, उससे बेहद निराश हो गए हैं।
बहुत से लोगों ने विश्वविद्यालय की भी आलोचना की है और अनुरोध किया है कि अगर पावरी गर्ल समाज में शिक्षा की बात करेगी, जिन्होंने जिंदगी में अभी कुछ भी हासिल नहीं किया है तो, ऐसे शैक्षणिक मानकों पर फिर से विचार किया जाना चाहिए।

'वीडियो वायरल होने से क्या होता है...'
एक यूजर ने लिखा, 'जिस पावरी गर्ल को शिक्षा पर बोलने के लिए बुलाया गया है, उसके नाम पर कोई आवश्यक शिक्षा नहीं है।' वहीं एक यूजर ने सवाल किया कि वीडियो वायरल होने से क्या कोई शिक्षा पर ज्ञान देने के काबिल हो जाता है। एक ट्विटर यूजर ने लिखा, ''दानानीर को SZABIST ने मोटिवेशन स्पीकर के रूप में आमंत्रित किया? यह न केवल हमारे समाज बल्कि शैक्षणिक संस्थानों के भी गिरते मानकों को दिखाता है।''

'ये डांसर युवाओं को बता रही हैं किसी भी कीमत पर कैसे अमीर बनें....'
एक अन्य सोशल मीडिया यूजर ने ट्वीट किया, '' ये क्या मिसाल कायम कर रहे हैं? ऐसे बहुत से कलाकार, लेखक, कवि, खिलाड़ी हैं जो सम्मान के पात्र हैं। और ये लोग ब्लॉगर्स (दानानीर मोबीन) को स्पीच के लिए बुला रहे हैं? दानानीर के खिलाफ कुछ भी नहीं। लेकिन यह युवाओं को सिर्फ ये सिखा रही हैं कि किसी भी तरह से प्रसिद्ध और अमीर कैसे बनें।'' एक अन्य यूजर ने लिखा, ''ये सिर्फ लोगों को कैसे सुंदर दिखें, इसका टिप्स दे सकती हैं।''

कौन हैं दानानीर मोबीन?
दानानीर मोबीन, या गीना, पाकिस्तान के इस्लामाबाद की रहने वाली हैं। इस्लामाबाद में रहने वाली 19 वर्षीय दानानीर मोबीन विभिन्न विषयों पर वीडियो बनाती हैं और अपने फोटोशूट और यात्रा से जुड़ी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा करती हैं। दानानीर मोबीन एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और कंटेंट क्रिएटर हैं। इंस्टाग्राम पर अपने बायो में, दाननीर ने जोर देकर कहा, "मुझे गीना बुलाओ लेकिन पहले मेरे असली नाम का उच्चारण करना सीखो!" इंस्टाग्राम पर उनके 2.1 मिलियन फॉलोअर्स हैं।

कैसे रातों-रात सोशल मीडिया स्टार बन गईं दानानीर मोबीन
फरवरी 2021 में दानानीर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उसने अपनी कार और अपने दोस्तों की ओर कैमरा लगाया और कहा "ये हमारी कार, और ये हम है, और ये हमारी पावरी (पार्टी) हो रही है।'' ये वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ। बाद में मुंबई के संगीतकार यशराज मुखाटे ने दानानीर के वायरल वीडियो को एक आकर्षक गाने में रीक्रिएट किया और उन्हें अंतरराष्ट्रीय ख्याति मिली।
दानानीर एक डॉग लवर हैं, उन्हें खाना बनाना पसंद है और खाने के बारे में ब्लॉग भी करती है। इतना ही नहीं, बल्कि उन्हें पेंट करना और गाना भी पसंद है और उन्हें उनके वीडियो में गाते हुए देखा जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications