चोरी के बाद गहने खा जाती थी महिला,पेट से निकले 1.5 किलो ज्वैलरी, 90 सिक्के
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। डॉक्टरों ने एक महिला के पेट से 1.5 किलो गहने और 90 सिक्के निकाले। पश्चिम बंगाल के बीरभूमि के सरकारी अस्पताल में ऑपरेशन कर महिला के पेट से ये सब निकाला गया। महिला मानसिक रूप से अस्थिर थी। महिला चोरी कर गहने खा जाती थी। जब डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर गहने निकालने शुरू किए तो उनकी आंखें फटी की फटी रह गई।

महिला के पेट से निकले 1.5 किलो गहने
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बीरभूमि के रामपुरहाट के सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में 26 साल की महिला को पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती करवाया गया। सर्जरी विभाग के प्रमुख सिद्धार्थ विस्वास ने बताया कि महिला का ऑपरेशन किया है, जिसके बाद उसके पेट से 5 और 10 रुपये के 90 सिक्के निकाले गए। वहीं पेट से 1.52 किलो गहने बरामद हुए। इनमें से ज्यादातर गहने तांबा और पीतल के बने हैं, लेकिन कुछ सोने के भी हैं।

घर से गायब हो रहे थे गहने
पेट से इतनी मात्रा में गहने और सिक्के मिलने से डॉक्टर्स भी हैरान हो गए। वहीं महिला की मां ने बताया कि उनकी बेटी की मानसिक स्थिति दो महीने से ठीक नहीं है। मां के मुताबिक उन्होंने नोटिस किया कि अपने घर से गहने गायब हो रहे थे। उन्होंने जब बेटी से इस बारे में पूछा तो वो हर बार रोने लगती थी। मां ने बेटी पर नजर रखना शुरू कर दिया, लेकिन वो किसी तरह से सिक्के और गहने निगलने में सफल हो जाती थी। मां के मुताबिक उन्होंने अपनी बेटा का इलाज कई डॉक्टरों से करवाया, लेकिन उसकी सेहत पर कुछ खास फर्क नहीं पड़ा। पिछले कुछ दिनों से खाना खाते ही वो उल्टियां करने लग जाती।

चोरी के बाद निगल जाती थी गहने
बेटी का हालत बिगड़ते देख उसे बीरभूमि के सरकारी अस्पताल में दिखाया गया। जहां डॉक्टरों ने लगभग एक सप्ताह तक अलग-अलग मेडिकल टेस्ट किए। डॉक्टरों ने बुधवार को उसका ऑपरेशन किया, जिसके बाद सब हैरान रह गए। महिला के पेट से 90 सिक्के, जिसमें अधिकांश 5 और 10 रुपए के सिक्के थे बरामद हुए और करीब 1.5 किलो गहने बरामद हुए। फिलहाल महिला को अस्पताल में ही रखा गया है।












Click it and Unblock the Notifications