यहां 'मर्द मां' बनकर लड़कियों को लगाते हैं गले, सिर्फ 5 मिनट के लेते हैं 600 रुपए! क्या है इस झप्पी की कहानी?
Man Mums: सोचिए जरा...थककर घर लौट रही हो आप, दिल टूट चुका हो, किसी से झगड़ा हुआ हो या बस अकेलेपन से दिल भारी हो- और तभी कोई मर्द (मर्द मां) आता है...ना कोई सवाल, ना कोई शर्त, बस 5 मिनट की झप्पी देता है और बदले में 600 रुपए लेता है!
दरअसल, ये कोई फिल्मी सीन नहीं बल्कि चीन में चल रहा नया 'हगिंग ट्रेंड' है। सोशल मीडिया पर इन दिनों Man Mum ट्रेंड तहलका मचा रहा है।

चीन में ये ट्रेंड खासकर थकी-हारी लड़कियों के बीच तेजी से पॉपुलर हो रहा है। ऑफिस के ओवरटाइम से लेकर ब्रेकअप तक, जब भी कोई लड़की खुद को अकेला महसूस करती है, तो वो किसी मर्द मां की बाहों में एक 5 मिनट की 'थैरेपी' तलाशती है।
मसल्स वाले मर्द...लेकिन दिल से मम्मी जैसे!
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट (SCMP) के मुताबिक, शुरुआत में 'मैन मम्स' को सिर्फ मस्कुलर जिम जाने वाले बॉडीबिल्डर टाइप माना जाता था। लेकिन अब इनका मतलब बदल चुका है। अब ये ऐसे मर्द होते हैं जिनके पास सिर्फ ताकत नहीं बल्कि एक मम्मी जैसी मुलायमियत भी होती है। वो प्यार से बात करते हैं, सब्र रखते हैं और एक ऐसे इंसान की तरह पेश आते हैं जो बस आपकी थकान, तनाव और उदासी को थोड़ी देर के लिए अपने कंधों पर रख ले।
इस ट्रेंड की शुरुआत कैसे हुई?
इस ट्रेंड की शुरुआत एक थकी-हारी लड़की की सोशल मीडिया पोस्ट से हुई, जिसने लिखा कि उसे थीसिस लिखने के प्रेशर में एक झप्पी चाहिए, और वो इसके लिए पैसे देने को भी तैयार है।
उसने लिखा कि, 'स्कूल में एक बार झप्पी मिली थी, तब बहुत सुकून मिला था। अब भी बस 5 मिनट की झप्पी चाहिए।' और फिर क्या था! हजारों लड़कियों ने Weibo (चाइनीज ट्विटर) और Douyin जैसे चीनी सोशल प्लेटफॉर्म्स पर 'Man Mum' सर्च करना शुरू कर दिया।
कैसे मिलते हैं ये 'मर्द मां'?
इन मर्द माओं से मिलने के लिए सबसे पहले लड़की चैट पर बात करती है- उसके स्वभाव, बॉडी टाइप और बात करने के तरीके के आधार पर तय होता है कि वो मर्द मां उसके लिए परफेक्ट है या नहीं। फिर तय होती है लोकेशन - जैसे मेट्रो स्टेशन, शॉपिंग मॉल या पार्क। झप्पी की कीमत तय होती है जो आमतौर पर ₹250 से ₹600 तक होती है। और हां, कभी-कभी तो लड़कियां भी Hug देने के लिए बुक होती हैं!
झप्पी के बाद क्या महसूस होता है?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक महिला ने बताया कि ओवरटाइम की थकान के बाद जब उसने एक Man Mum को हायर किया, तो वो उसके कंधे पर हाथ रखकर चुपचाप सुनता रहा- और बस उसी से उसका मन हल्का हो गया। एक और लड़की ने कहा कि जब वो उदास थी, तब उसने एक पास के कॉलेज के छात्र से झप्पी ली और उसके बाद वो दोनों बैठकर कॉफी पीते हुए ज़िंदगी की बातें करने लगे।
एक ऑनलाइन यूज़र ने लिखा कि उसे सबसे ज़्यादा खुशी उस अनजान इंसान की गर्मजोशी से मिली, जो सिर्फ झप्पी देने नहीं, बल्कि दिल से बात करने आया था।
क्या मर्द मम्मा को भी करनी होती है कोई तैयारी?
इन मर्द माओं के लिए ये सिर्फ काम नहीं, एक जिम्मेदारी भी है। इसलिए झप्पी देने से पहले वो बालों को ठीक करते हैं, हल्का सा तैयार होते हैं, बढ़िया परफ्यूम लगाकर खुद को पेश करते हैं जैसे कोई एंटरटेनर नहीं, बल्कि इमोशनल थैरेपिस्ट हो।
एक Man Mum ने मीडिया को बताया कि, 'जब कोई लड़की थैंक्यू बोलकर मुस्कराती है, तो मुझे लगता है जैसे मेरी मौजूदगी का कोई मतलब है।' वहीं एक और ने कहा कि वो पैसा इसलिए लेते हैं ताकि इमोशनल दूरी बनी रहे और चीजें ज्यादा पर्सनल न हो जाएं।
मर्द को मां बनाना क्या सुरक्षित है?
इस सर्विस को कई लड़कियां सुरक्षित मानती हैं क्योंकि सबकुछ पब्लिक प्लेसेज में होता है- मॉल, स्टेशन, पार्क वगैरह। चैट में पहले से सारी बातें तय होती हैं, और पैसे देकर झप्पी लेने से साफ तौर पर ये समझ में आ जाता है कि यहां कोई 'पर्सनल फीलिंग' नहीं, सिर्फ प्रोफेशनल कंफर्ट है। कई लड़कियों का कहना है कि जब कोई लड़का झप्पी फ्री में मांगता है, तो इरादों पर शक होता है, लेकिन पैसे देकर लेने में एक साफ-सुथरा प्रोफेशनल स्पेस मिलता है।
आखिर में एक बात तो साफ है
इस ट्रेड को देखने के बाद अब एक बात साफ है कि झप्पी सिर्फ मोहब्बत का इजहार नहीं, मेंटल हेल्थ का इलाज भी बन चुकी है। और जब दुनिया थकी हुई हो, तो एक Man Mum की गर्मजोशी शायद सबसे सस्ती और असरदार थेरेपी हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications