यात्रियों के चढ़ने के लिए कुछ एयरलाइंस एयर ब्रिज के स्थान पर सीढ़ियों का इस्तेमाल क्यों करती हैं, जानें
कुछ एयरलाइंस यात्रियों के हवाई जहाज में चढ़ने-उतरने के लिए एयर ब्रिज का इस्तेमाल करती हैं तो कुछ सीढ़ियों का ऐसा क्यों? यदि आप हवाई यात्रा करने जा रहे हैं तो आपको इसके बारे में जरूर पता होना चाहिए।
नई दिल्ली, 1 जनवरी। क्या आपने कभी हवाई यात्रा की है। अगर हां, तो आपने एक चीज पर गौर किया होगा कि कुछ एयरलाइंस यात्रियों के हवाई जहाज में चढ़ने-उतरने के लिए एयर ब्रिज का इस्तेमाल करती हैं तो कुछ एयरलाइंस सीढ़ियों का। हो सकता है कि आप इस अनुभव से न गुजरे हों, लेकिन ऐसा होता है। अगर आप जल्दी में हवाई यात्रा करने जा रहे हैं तो आपके लिए इसे जानना बहुत जरूरी है।

क्या होता है एयर ब्रिज
कुछ विमानन कंपनियां यात्रियों के लिए एयर ब्रिज का इस्तेमाल करती हैं। दरअसल इसमें होता क्या है कि जब आप एयरपोर्ट पर चेक-इन करते हैं, तो एयर ब्रिज का इस्तेमाल कर आप लाउंज या वेटिंग रूम से सीधे हवाई जहाज में एंट्री कर जाते हैं। आपको हवाई जहाज स्टैंड में जाने की जरूर नहीं होती। जैसा की नाम से ही पता चल रहा है कि इसमें एक ब्रिज(पुल) बनाया जाता है जिस पर चलकर आप सीधे हवाई जहाज में चले जाते हैं। इस ब्रिज को जेट ब्रिज, जेटवॉक या स्काईब्रिज के रूप में भी जाना जाता है।

पुराने समय से होता आ रहा है सीढ़ियों का इस्तेमाल
कुछ एयरलाइंस एयर ब्रिज की जगह सीढ़ियों की सुविधा देती हैं। इसमें आपको लाउंज या प्रतिक्षा क्षेत्र से निकलकर विमान स्टैंड तक जाना होता है और इसके बाद विमान में लगीं सीढ़ियां खोल दी जाती हैं जिन पर चढ़कर यात्री विमान में प्रवेश करते हैं। आपको बता दें कि पुराने समय में एयर ब्रिज की सुविधा नहीं थी हर कंपनी सीढ़ियों का ही इस्तेमाल करती थी।

विमानन कंपनियां क्यों करती हैं ऐसा
दरअसल, हर एयरलाइंस यात्रियों के लिए सीढ़ियों की जगह एयर ब्रिज का इस्तेमाल करना चाहती हैं, लेकिन बजट की दिक्कत की वजह से उन्हें सीढ़ियों का इस्तेमाल करना पड़ता है। एयर ब्रिज का इस्तेमाल करना सीढ़ियों के इस्तेमाल से काफी महंगा पड़ता है, इसलिए कुछ एयरलाइंस इसके इस्तेमाल से बचती हैं। वहीं, जिन एयरलाइंस का बजट अच्छा रहता है वे एयर ब्रिज की ही सुविधा देती हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक कई एयरपोर्ट एयर गेट या एयर ब्रिज के लिए अधिक शुल्क वसूलते हैं। यह शुल्क प्रति यात्री के हिसाब से भी हो सकता है। जबकि सीढ़ियों के इस्तेमाल से या हवाई अड्डे से दूर लैंडिंग या बोर्डिंग स्थान से एयरलाइंस को कम शुल्क देना पड़ता है। इसलिए सस्ती एयरलाइंस सीढ़ियों का विकल्प चुनती हैं।












Click it and Unblock the Notifications