VIDEO: आसमान में उड़ते-उड़ते अचानक से जमीन पर आ गिरे सैकड़ों पक्षी, रहस्यमयी घटना को देख लोग हैरान
नई दिल्ली, 10 सितंबर: इंडोनेशिया के बाली में गुरुवार को एक रहस्यमयी घटना हुई, जहां आसमान में उड़ रहे सैकड़ों पक्षी अचानक से जमीन पर गिरने लगे। उनमें से ज्यादातर पक्षियों ने कुछ ही देर बाद दम तोड़ दिया, तो कुछ घंटों तक तड़पते रहे। स्थानीय लोगों को जब तक कुछ समझ में आता, तब तक एक पूरा इलाका पक्षियों के कब्रिस्तान में तब्दील हो गया था। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। (तीसरी फोटो सांकेतिक)

काले रंग के थे सभी पक्षी
Dailystar की रिपोर्ट के मुताबिक बाली के हॉलिडे हॉटस्पॉट में बहुत से पक्षी गुरुवार को अचानक से जमीन पर आ गिरे। उसमें से बहुत से लगातार अपने पंख को फड़फड़ा रहे थे, मानों वो जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहे हों। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि सभी पक्षियों का रंग काला था, जिसमें ज्यादातर गौरेया लग रही थीं। 9 सितंबर को वो इंडोनेशियाई द्वीप पर जियानयार के रीजेंसी में एक कब्रिस्तान के पास गिरने लगे। इस रहस्यमयी घटना को देखकर लोगों की हालत खराब हो गई।
Recommended Video

शुरू में अम्लीय वर्षा को माना कारण
वहीं बाली में अधिकारियों ने शुरू में इस घटना को प्राकृतिक बताया था। साथ ही मौसम और अम्लीय वर्षा को इसका कारण माना जा रहा था, क्योंकि घटना के वक्त वहां पर तेज बारिश हो रही थी। इंडोनेशिया के प्राकृतिक संसाधन संरक्षण केंद्र (बीकेएसडीए) के प्रवक्ता के मुताबिक इलाके में पहली बार इस तरह की घटना हुई है। प्रारंभिक जांच में विशेषज्ञ मान रहे थे कि बारिश में अम्ल की मात्रा ज्यादा रही होगी, इस वजह से पक्षियों की मौत हुई।

बाद में पता चली सच्चाई
हालांकि 10 सितंबर को घटना की पूरी तस्वीर साफ हो गई। बीकेएसडीए ने पुष्टि की है कि पक्षियों की मौत आमतौर पर क्षेत्र में इस्तेमाल किए जाने वाले कीटनाशकों की वजह से हुई है। इस हफ्ते की शुरुआत में ललनरस्ट शहर में बहुत से मृत कबूतर पाए गए थे। जिससे एवियन फ्लू का खतरा पैदा हो गया।
एवियन इन्फ्लूएंजा की हो रही निगरानी
बीकेएसडीए प्रवक्ता के मुताबिक पक्षियों की मौत के लिए एक हेल्पलाइन जारी किया गया है। जिसकी नियमित रूप से निगरानी की जाती है। जब भी किसी पक्षी में एवियन इन्फ्लूएंजा पाया जाता है, तो उसका पूरा रिकॉर्ड रखा जाता है। साथ ही उसको लेकर एडवाइजरी भी जारी की जाती है।












Click it and Unblock the Notifications