Watch Video: गाय को यूं ही नहीं कहा जाता 'माता', कुत्ते को दर्द में देख बेरहम शख्स पर किया अटैक
नई दिल्ली, 01 नवंबर। 'कर्मा' के बारे में तो आप जानते ही होंगे, अगर किसी को नहीं पता तो बता दें कि 'बुरे काम का उसी समय बुरा नतीजा' मिलने को कर्मा कहा जाता है। दुनिया में कई लोग ऐसे हैं जिन्हें बेजुबान जानवरों को बिना मतलब परेशान करने में मजा आता है, लेकिन वो ये भूल जाते हैं कि हर एक्शन का रिएक्शन जरूर होता है। ऐसा ही कुछ सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखने को मिला, जहां एक शख्स को तुरंत उसके बुरे कर्मों की सजा मिल गई।

बुरे काम का बुरा नतीजा
भारतीय वन सेवा के अधिकारी सुसांत नंदा ने हाल ही में अपने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर किया है, जो खूब वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि बुरे काम का बुरा नजीता मिलता जरूर है, कभी-कभी वो उसी समय मिल जाता है। वायरल क्लिप में देखा जा सकता है कि एक शख्स कुत्ते का कान पकड़कर जोर से मरोड़ रहा है। दर्द से कराह रहा कुत्ता जोर-जोर से चिल्ला रहा है, जैसे वो कह रहा हो छोड़ दो मुझे।

कुत्ते को दर्द में देख लोगों ने लिए मजे
हालांकि शख्स से आस-पास कई और लोग भी मौजूद होते हैं लेकिन उनमें से किसी ने कुत्ते की मदद नहीं की। इतना ही नहीं वीडियो के बैकग्राउंड में सुना जा सकता है कि सब कुत्ते को कराहता देख जोर-जोर से हंस रहे हैं। हालांकि इंसानों में भले ही इंसानियत मर चुकी हो लेकिन जानवरों में आज भी यह जिंदा है। भारत में गाय को 'माता' यूं ही नहीं कहा जाता, कुत्ते को दर्द में देख इंसानों का नहीं लेकिन पास में खड़ी एक गाय का दिल जरूर पसीझ गया।

कुत्ते को छुड़ाने के लिए गाय ने कर दिया हमला
बेरहम शख्स के चंगुल से कुत्ते को छुड़ाने के लिए गाय ने उस पर जोरदार हमला कर दिया। गाय के अचानक हमले से शख्स जमीन पर गिर गया और कुत्ता आजाद हो गया। इस बीच गाय का गुस्सा कम नहीं हुआ वह शख्स को अच्छा सबक सिखाना चाहती थी। इस बीच आस-पास खड़े लोगों ने आदमी को गाय के प्रकोप से बचाया। वीडियो में देखा जा सकता है कि शख्स ने कुत्ते के कान मरोड़े तो गाय ने उस पर हमला कर दिया।

'इंस्टेंट कर्मा' का उदाहरण
सुसांत नंदा ने वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में एक ही बात लिखी 'कर्मा'। वीडियो में शख्स की हरकत पर जहां सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा देखने को मिला वहीं, उसको सबक सिखाने वाली गाय की खूब तारीफ हो रही है। इंटरनेट पर लोगों ने घटना को 'इंस्टेंट कर्मा' का उदाहरण देते हुए वीडियो शेयर कर रहे हैं। वहीं, एक यूजर ने वीडियो बना रहे शख्स पर भी भड़ास निकाली। यूजर ने कहा, फोटो खींचने वाले लोगों से कहीं अच्छी तो वो गाय है।

जानवर ने समझा जानवर का दर्द
सोशल मीडिया पर अब वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। खबर लिखे जाने तक इसे 1.35 से अधिक व्यूज मिल चुके हैं जबकि 14 हजार से अधिक लोगों ने वीडियो को लाइक किया है। इतना ही नहीं पोस्ट को अब तक 3000 से अधिक री-ट्वीट भी मिल चुके हैं। कमेंट बॉक्स में कई लोगों ने कुत्ते को परेशान करने वाले शख्स की आलोचना की। वहीं एक यूजर ने लिखा, 'जब आस-पास खड़े लोग कुछ नहीं कर रहे थे तो..एक जानवर ने दूसरे जानवर के दर्द को समझा।'
यह भी पढ़ें: इंजीनियर की नौकरी छोड़, गाय का गोबर, गोमूत्र और गोबर का घोल बेचकर लाखों कमा रहा 26 साल का यह शख्स












Click it and Unblock the Notifications