बिजनौर: गन्ने के खेत में मिला विवाहिता और उसके भाई का शव, मायके जाने को लेकर पति से हुआ था विवाद
बिजनौर। यूपी के बिजनौर में गुरुवार तड़के एक विवाहिता और उसके भाई का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ऐसी चर्चा है कि महिला के पति ने ही अपनी पत्नी और साले की गोली मारकर हत्या की है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मायके जाने को लेकर पति-पत्नी में हुआ था विवाद
दरअसल, बिजनौर कोतवाली शहर के गांव निजामतपुरा निवासी जयवती और उसके भाई अरविंद का शव गुरुवार सुबह गन्ने के खेत से बरामद किया गया। जयवती की शादी करीब डेढ़ साल पहले नूरपुर क्षेत्र के गांव धमरौला निवासी सोमपाल के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच अक्सर विवाद रहता था। हाल ही में हरियाली तीज पर मायके आने को लेकर सोमपाल और जयवती के बीच कहासुनी हो गई थी, लेकिन इसके बाद भी जयवती मायके चली आई थी।
गन्ने के खेत में मिले शव
बुधवार शाम को सोमपाल निजामतपुरा पंहुचा और जयवती को बिजनौर में मेला दिखाने की बात कहकर अपने साथ ले आया। जयवती का भाई अरविंद बिजनौर में ही था, जहां से उसको भी साथ में ले लिया। देर रात तक तीनों के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन पता नहीं लग सका। गुरुवार सुबह ग्रामीणों को जयवती का शव गन्ने के खेत से मिला। वहां से करीब 200 मीटर दूर दूसरे गन्ने के खेत में अरविंद का शव बरामद हुआ। दोनों के सिर में गोली लगने के निशान थे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है और परिजनों द्वारा तहरीर आने का इंतजार कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications