2019 ने भाजपा को दिया झटका! सालभर की बिहार की दस बड़ी और चर्चित घटनाएं
पटना। वर्ष 2019 गुजर गया और बिहार के लिए पीछे ऐसी निशानियां छोड़ गया जिसका असर 2020 में भी देखने को मिलेगा। 2019 में झारखंड हार के बाद कमजोर हुई भाजपा के सामने 2020 का बिहार चुनाव चुनौती बनकर खड़ा है। वहीं, 2019 में सीएए और एनआरसी पर भाजपा को समर्थन देने को लेकर धर्मसंकट में पड़े नीतीश कुमार के सामने अपनी छवि बचाने की समस्या है। लालू परिवार के लिए पूरा साल विवादों से भरा रहा। सास-बहू के झगड़ों में यह परिवार उलझकर रह गया। पटना ने बाढ़ की विभीषिका झेली, चमकी बुखार ने कई बच्चों की जिंदगी ले ली, वहीं इस साल प्रदेश के तीन दिग्गजों का निधन हुआ। आइए बिहार की दस बड़ी घटनाओं के बारे में जानते हैं जिससे प्रदेश प्रभावित हुआ।

1. लालू परिवार में विवाद
2019 लालू के परिवार में तीन बड़े विवाद का गवाह बना और यह परिवार मीडिया में सुर्खियों में बना रहा। एक तरफ राष्ट्रीय जनता दल और लालू की विरासत को संभालने को लेकर दोनों बेटे तेज प्रताप यादव और तेजस्वी यादव के बीच मतभेद की खबरें आईं। दूसरी तरफ लालू के बेटे तेज प्रताप की शादी पूर्व मंत्री चंद्रिका राय की बेटी ऐश्वर्या से होने के कुछ महीने बाद ही दोनों के रिश्ते में खटास आ गई। मामला तलाक तक पहुंच गया जो कोर्ट में चल रहा है। तीसरी तरफ सास राबड़ी और बहू ऐश्वर्या के बीच का झगड़ा थाने तक पहुंच गया जहां दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ केस दर्ज करा दिया। लालू और चंद्रिका राय के परिवार के बीच विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा।

2. पटना में बाढ़
2019 में राजधानी पटना में भारी बारिश की वजह से बाढ़ जैसे हालात हो गए। कई इलाकों में पानी घुस गया और लोग घरों में फंस गए। इस बाढ़ की भयावहता के कई वीडियो वायरल हो गए। पटना की सड़कों पर नाव चले और हेलीकॉप्टर से छतों पर खाने की सामग्री गिराई गई। बिहार के उप मुख्यमंत्री भी अपने घर में फंस गए और उनको किसी तरह वहां से निकाला गया। बाढ़ को लेकर विरोध दलों ने नीतीश सरकार की जमकर खिंचाई की।

3. जदयू से प्रशांत किशोर का इस्तीफा!
2018 के दिसंबर में चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर जदयू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए लेकिन एक साल बीतते-बीतते 2019 के दिसंबर में उन्होंने इस्तीफे की पेशकश कर दी। वजह रही नागरिकता संशोधन कानून जिसके खिलाफ प्रशांत किशोर ने अपने विचार ट्वीट कर जाहिर किए और नीतीश कुमार से राज्य सभा में इसको समर्थन न देने की अपील की लेकिन जदयू ने संसद के दोनों सदनों में इसे समर्थन दिया। प्रशांत किशोर ने कानून के खिलाफ कई ट्वीट किए। हलांकि उनके इस्तीफे को नीतीश कुमार ने स्वीकार नहीं किया।

4. झारखंड का बिहार पर असर
2019 बीतते-बीतते भाजपा को बिहार में झटका दे गया। झारखंड में सत्ता गंवाने का असर बिहार में जदयू-भाजपा गठबंधन पर भी हुआ है। 2020 में बिहार विधानसभा चुनाव होने हैं। बिहार के एक वरिष्ठ भाजपा नेता ने इस पर कहा कि झारखंड में हार के बाद बिहार में अब पार्टी को नीतीश कुमार के हिसाब से चलना पड़ेगा। झारखंड में भाजपा को शिकस्त मिलने की वजह से बिहार में सीटों के बंटवारे में भी जदयू और लोजपा फायदा उठाने की कोशिश करेगी। उधर कांग्रेस-राजद समेत अन्य दलों के महागठबंधन का हौसला बढ़ा है और वे एकजुट होकर भाजपा-जदयू गठबंधन को टक्कर देने की तैयारी में हैं।

5. बेगूसराय और कन्हैया कुमार
2019 के लोकसभा चुनाव में बिहार के बेगूसराय से भाकपा उम्मीदवार के तौर पर जेएनयू के चर्चित छात्र नेता कन्हैया कुमार चुनावी मैदान में उतरे। कन्हैया कुमार की वजह से बेगूसराय का चुनाव काफी चर्चा में रहा। भाजपा के कद्दावर उम्मीवार गिरिराज सिंह से हलांकि वे चार लाख से ज्यादा वोटों से हारे लेकिन दूसरे नंबर पर रहे और महागठबंधन के ताकतवर उम्मीदवार तनवीर हसन को तीसरे नंबर पर धकेल दिया। कन्हैया कुमार के पक्ष में प्रचार करने के लिए बेगूसराय में बॉलीवुड के दिग्गज आए जिनमें स्वरा भास्कर, जावेद अख्तर शामिल रहे।

6. बिहार के तीन दिग्गजों का निधन
2019 में बिहार के तीन दिग्गजों का निधन हो गया। जार्ज फर्नांडिस, जगन्नाथ मिश्रा और वशिष्ठ नारायण सिंह। जार्ज फर्नांडिस दिग्गज समाजवादी नेता थे। उन्होंने समता पार्टी बनाई थी और अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में रक्षा मंत्री बने थे। उन्होंने नौ बार लोकसभा चुनाव जीता और राज्यसभा सांसद भी रहे। बिहार के तीन बार मुख्यमंत्री रहे जगन्नाथ मिश्र भी लंबी बीमारी के बाद इसी साल चल बसे। बिहार के जीनियस और महान गणितज्ञ वशिष्ठ नारायण सिंह का भी 74 साल की उम्र में देहांत हो गया।

7. चमकी बुखार से कई बच्चों की मौत
बिहार में 2019 में चमकी बुखार के चपेट में आकर 150 से ज्यादा बच्चों की जान चली गई। इस मुद्दे पर नीतीश सरकार की काफी किरकिरी हुई और विपक्षियों ने इसे लेकर जमकर हमला बोला। मीडिया में भी यह मामला काफी सुर्खियों में रहा। नीतीश सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी हुए। दिमागी बुखार या चमकी बुखार या एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम नाम की इस बीमारी के लिए लीची को जिम्मेदार ठहराया गया लेकिन इसकी असली वजह कुपोषण है, लीची है या कुछ और, इसके बारे में ठीक-ठीक पता नहीं चल पाया।

8. सुपर 30 के आनंद कुमार पर बनी फिल्म
2019 में ही बिहार के चर्चित शिक्षक आनंद कुमार पर बनी फिल्म सुपर 30 रिलीज हुई। फिल्म का नाम आनंद कुमार की संस्था सुपर 30 पर रखा गया जिसमें वे गरीब बच्चों को इंजीनयरिंग परीक्षा की कोचिंग देते हैं। उनकी संस्था का रिकॉर्ड शानदार रहा है, वहां से अधिकांश बच्चे आईआईटी की परीक्षा में हर साल सफल होते हैं। आनंद कुमार 2019 में गूगल में सबसे ज्यादा खोजे गए लोगों में भी शामिल रहे। सुपर 30 में उनकी भूमिका ऋतिक रोशन ने निभाई।

9. आरएसएस नेताओं की जासूसी कांड
बिहार की राजनीति को इस साल एक चिट्ठी ने गरमा दिया। बिहार पुलिस स्पेशल ब्रांच ने एक चिट्ठी जारी की जिसमें इंटेलिजेंस विंग को आरएसएस और उससे जुड़े संगठनों व पदाधिकारियों के बारे में जानकारी एकत्र करने का आदेश दिया गया। इस चिट्ठी ने बिहार की सियासत में भूचाल ला दिया। सहयोगी पार्टी भाजपा ने जदयू और नीतीश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। वहीं कांग्रेस और राजद ने इस मुद्दे पर नीतीश कुमार का समर्थन किया। गठबंधन के साथी भाजपा की नाराजगी को देखते हुए आनन-फानन में नीतीश कुमार ने चिट्ठी की जांच के बाद कार्रवाई का निर्देश दिया और स्पेशल ब्रांच के एडीजी को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पत्र पर सफाई देनी पड़ी कि इसमें नीतीश सरकार या गृह विभाग की कोई भूमिका नहीं है।

10. बिहार की परीक्षा में सनी लियोनी
चर्चित एक्ट्रेस सनी लियोनी 2019 में एक अजीबोगरीब वजह से बिहार में चर्चा का विषय बनीं। बिहार सरकार के एक विभाग में जूनियर इंजीनियर पदों के लिए हुई भर्ती परीक्षा की मेरिट लिस्ट में सनी लियोनी का नाम टॉप पर था। बकायदा वेबसाइट पर उनको टॉपर घोषित किया गया जिसमें बताया गया कि उन्होंने 98.5 परसेंट अंक हासिल किए हैं। खबर वायरल होने पर सनी लियोनी ने ट्वीट कर खुशी जाहिर की। किरकिरी होने पर बिहार सरकार के मंत्री विनोद नारायण झा को सफाई देनी पड़ी कि किसी शरारती उम्मीदवार ने यह हरकत की है।
-
समोसा से पैटरनिटी लीव तक—क्या यही वजह बनी राघव चड्ढा को राज्यसभा में ना बोलने देने की! 7 मुद्दे चर्चा में -
Hormuz Strategic Plan: होर्मुज का खेल खत्म! भारत के हाथ लगा वो 'जादुई रूट', तेल -LPG की किल्लते होंगी दूर -
Trump Warning Iran: 'सिर्फ 48 घंटे, फिर नक्शे से मिट जाएगा नाम', ट्रंप ने ईरान को दी आखिरी चेतावनी -
World’s Largest Army: न चीन, न भारत... अब यह देश है सैन्य शक्ति का नया बादशाह! देखें टॉप 10 की पूरी लिस्ट -
GT vs RR: शुभमन गिल आज का मैच क्यों नहीं खेल रहे? किस वजह से राशिद खान को बनाया गया कप्तान -
Iran Vs America War: ईरानी अटैक का डर या आर्थिक संकट? युद्ध के बीच ट्रंप को धोखा देने की तैयारी में दोस्त देश -
'डोनाल्ड ट्रंप से ज्यादा हमारी कैद में सुरक्षित हैं', US पायलट की मां के इमोशनल मैसेज पर ईरान ने दिया जवाब -
Silver Rate Today: चांदी में बड़ी गिरावट! 10,000 तक लुढ़के दाम,अब आपके शहर ये है लेटेस्ट सिल्वर रेट -
Trump vs Iran: ईरान से युद्ध में अमेरिका का हालात खराब! गुस्से से लाल ट्रंप, वीक ऑफ किया रद्द -
Iran Vs America War: ईरान नहीं, इन 2 देशों ने मार गिराए अमेरिकी फाइटर जेट! अब क्या करेंगे ट्रंप? -
Gold Price Today: जयपुर में रातों-रात बदल गए सोने-चांदी के दाम! खरीदारी से पहले चेक करें आज के रेट -
MP CM Kisan Kalyan Yojana: 82 लाख किसानों को कब मिलेगी 14वीं किस्त ? ₹2000 या ₹4000 कितनी राशि आएगी खाते में












Click it and Unblock the Notifications