Weather Alert: मानसून ने पकड़ी रफ्तार, केरलम-कर्नाटक में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, IMD ने क्या कहा?
Weather Alert: दक्षिण-पश्चिम मानसून ने अब रफ्तार पकड़ ली है, जिसकी वजह से आने वाले दिनों में केरलम और कर्नाटक में मूसलाधार बारिश की संभावना है और इसलिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है, उसके मुताबिक 11 जून तक यहां पर भारी बारिश का दौर जारी रहेगा तो वहीं तमिलनाडु में भी जमकर बादल बरसेंगे। बारिश का असर पूर्वोत्तर में भी नजर आएगा इसलिए प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।
केरल में बारिश बनी आफत
केरल में लगातार हो रही बारिश ने कई जिलों में जनजीवन प्रभावित कर दिया है। कुछ इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, जबकि सड़क और बिजली सेवाओं पर भी असर पड़ा है। राहत और बचाव एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

भारी बारिश के लिए गुवाहाटी में अलर्ट
IMD ने गुवाहाटी और असम के लिए अलर्ट जारी किया है। अगले दो से तीन दिनों तक तेज बारिश होगी। साथ ही गरज और बिजली गिरने की आशंका है। तेज हवाएं चलने का भी अनुमान जताया गया है। प्रशासन स्थिति की निगरानी कर रहा है।
दिल्ली-NCR को गर्मी से राहत
दूसरी ओर, उत्तर भारत में भी मौसम बदलता नजर आ रहा है। दिल्ली-NCR के कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं ने भीषण गर्मी से राहत दिलाई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी रुक-रुक कर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारों की संभावना जताई है।
तीन दिन की देरी से आया मानसून
आमतौर पर दक्षिण-पश्चिम मानसून 1 जून के आसपास केरल पहुंचता है, लेकिन इस बार इसकी एंट्री लगभग तीन दिन देरी से हुई। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह देरी सामान्य सीमा के भीतर है और इससे मानसून की समग्र प्रगति पर बड़ा असर पड़ने की संभावना नहीं है। केरल, लक्षद्वीप, कर्नाटक और तमिलनाडु के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज हो गई हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में यह महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर भारत के कई क्षेत्रों तक पहुंच जाएगा।
किसानों के लिए राहत
भारत की कृषि व्यवस्था काफी हद तक मानसून पर निर्भर करती है। देश की करीब 70 प्रतिशत वार्षिक वर्षा जून से सितंबर के बीच होने वाले मानसून से ही मिलती है। ऐसे में मानसून की प्रगति पर किसानों और कृषि विशेषज्ञों की खास नजर बनी हुई है।














Click it and Unblock the Notifications