Tejashwi Yadav ने अब स्वतंत्रता दिवस पर लिखा ओपन लेटर, 'तानाशाही के खिलाफ हर बिहारी अटल अडिग!'
Tejashwi Yadav News: बिहार विधानसभा चुनाव में वोटर संशोधन लिस्ट का मुद्दा छाया हुआ है। विपक्षी दल वोट चोरी के आरोप भी लगा रहे हैं। इसके खिलाफ इंडिया अलायंस वोटर अधिकार यात्रा 17 अगस्त से निकाल रहे हैं। बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने अब सोशल मीडिया पर मतदाताओं के नाम एक ओपन लेटर लिखा है। अपने पत्र में उन्होंने लिखा कि बिहार की जनता तानाशाही के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करने के लिए तैयार है। उन्होंने नागरिकों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में 'वोटर अधिकार यात्रा' में शामिल होने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि जब आज पूरा देश स्वतंत्रता दिवस मना रहा है, तब बिहार के लोगों को अपने वोट के अधिकार के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने बीजेपी और सत्ताधारी दलों पर आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता के पिट्ठुओं ने बिहार के लोगों को हास्यास्पद स्थिति में लाकर खड़ा कर दिया है। इससे पहले उन्होंने रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं के नाम खुला पत्र लिख अपने नाम की राखी बांधने के लिए कहा था।

Tejashwi Yadav ने सोशल मीडिया पर शेयर किया पत्र
तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर बिहार के मतदाताओं के नाम लिखे पत्र में वोट चोरी के आरोप लगाते हुए कहा, 'आज जब पूरा देश स्वतंत्रता दिवस मना रहा है, तो ये विडंबना ही है कि बिहार अपने वोट के अधिकार की आजादी के लिए संघर्ष कर रहा है। स्वाधीनता का मतलब क्या यही है कि हम अपने-अपने घरों पर तिरंगा लहरा दें? तानाशाही हमारा गला घोंटती रहे और हम देशभक्ति के गीत गाकर झूमते रहें।'
इस पत्र में उन्होंने SIR में गड़बड़ियों का जिक्र करते हुए कहा कि जो जिंदा हैं उनका वोट काट दिया जा रहा है। जो लोग मर चुके हैं उनका नाम मतदाता सूची में डाल दिया गया है। पत्र में लिखा, 'जो इंसान बिहार की वोटर लिस्ट में मर चुका है, आज वो अपने घर पर तिरंगा फहराते हुए कैसा महसूस कर रहा होगा?' उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे लोगों के दो-दो जगह वोट हैं, और एक गरीब को अपना एक वोट बनवाते हुए भी जद्दोजहद करनी पड़ रही है।
यह भी पढ़ें: Bihar Chunav: इंडिया अलायंस की 'वोटर अधिकार यात्रा', कांग्रेस दिखाएगी दम या Tejashwi Yadav ले उड़ेंगे क्रेडिट?
SIR के खिलाफ इंडिया अलायंस की वोटर अधिकार यात्रा
बिहार में वोटर संशोधन लिस्ट में गड़बड़ियों के खिलाफ इंडिया अलायंस की ओर से 'वोटर अधिकार यात्रा' निकाली जा रही है। उन्होंने अपने पत्र में बिहार के लोगों से इस यात्रा को सफल बनाने की अपील की। तेजस्वी ने लिखा, 'मैं तेजस्वी यादव ये अपील करता हूं कि बिहार में लोकतंत्र, संविधान और स्वाधीनता को बचाएं, घर से निकले आगे आएं। संविधान को नमन करें और शपथ लें कि मिलकर बिहार पर आए इस संकट का सामना करेंगे। 17 अगस्त से शुरू हो रही बिहार वोटर अधिकार यात्रा में हिस्सा लीजिए। अपना कर्तव्य निभाइए और बिहार को हर हाल में बचाइए। याद दिला दो अच्छे से इस तानाशाही विभाजनकारी को कि तुम एक इंच भी हिला ना सकोगे अटल अडिग बिहारी को!'
यह भी पढ़ें: दो-दो वोटर कार्ड के मामले में Muzaffarpur की मेयर को चुनाव आयोग का नोटिस, तेजस्वी यादव के दावे पर कार्रवाई












Click it and Unblock the Notifications