तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश को लिखा पत्र, कहा- रघुवंश बाबू और रामविलास पासवान की लगे प्रतिमा
पटना। तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश कुमार को पत्र लिखकर पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह और दिवंगत पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की प्रदेश में आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की मांग की है। साथ ही उनकी जयंती या पुण्यतिथि को राजकीय समारोह घोषित करने की मांग की है। सीएम नीतीश कुमार को लिखे पत्र में कहा है कि दोनों राज्य की महान विभूति होने के साथ-साथ प्रखर समाजवादी नेता थे। दोनों ने अपने सामाजिक सरोकारों और सक्रिय राजनीतिक जीवन के जरिये राज्य की सेवा की। दोनों बिहार के ऐसे सपूत रहे हैं, जिनके व्यक्तित्व और कृतित्व से हम सभी बिहारवासी सदा ऋणी रहेंगे।
Recommended Video

इसके अलावा पत्र में तेजस्वी यादव ने लिखा कि आपको तो ज्ञात ही है निधन से कुछ दिन पहले रघुवंश बाबू ने आपको संबोधित पत्र के जरिये अपनी कुछ मांगें पूर्ण करने की इच्छा व्यक्त की थी। मुझे विश्वास है कि आप उन मांगों को पूरा करने के लिए जरूरी कदम उठा रहे होंगे। रघुवंश बाबू की अंतिम इच्छाओं का सम्मान देते हुए उन्हें पूरा करना ही उनके प्रति हमलोगों की सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इसके अलावा पत्र में लिखा कि इसी प्रकार रामविलास पासवान जी सामाजिक न्याय, समतावादी विकास और समाजवाद के प्रबल पक्षधर थे। उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन वंचितों- उपेक्षितों के सामाजिक उत्थान, संघर्ष, रक्षा और विकास के लिए समर्पित किया। वह बिहार के विकास के लिए सदैव संघर्षरत रहे। बता दें कि रघुवंश प्रसाद सिंह की पुण्यतिथि 13 सितंबर को है और रामविलास पासवान की पुण्यतिथि 12 सितंबर को है। रघुवंश प्रसाद सिंह के पुत्र सत्य प्रकाश सिंह और रामविलास पासवान के पुत्र चिराग पासवान तेजस्वी यादव से मुलाकात कर चुके हैं। इससे जुड़े आयोजन के लिए आमंत्रण भी दिये हैं।












Click it and Unblock the Notifications