उपचुनाव में हार मिलने के बाद तेजस्वी ने कहा- हमने मजबूती के साथ दोनों सीटों पर चुनाव लड़ा
पटना। तारापुर और कुशेश्वरस्थान विधानसभा सीट पर राष्ट्रीय जनता दल को हार मिली है। वहीं उपचुनाव के नतीजे सामने आने के बाद तेजस्वी यादव ने ट्वीट किया। ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा कि हमने मजबूती के साथ दो सीटों पर चुनाव लड़ा। 5 सत्ताधारी पार्टियों के गठबंधन के विरुद्ध राजद ने पहले से अधिक मत प्राप्त किए।मतदाता मालिकों का हार्दिक धन्यवाद। सत्ता में बैठ गांव के हालात को भूल गए लोगों को कथित विकास का दर्शन कराया। बिहार की जनता बदलाव चाहती है और बदलाव होकर रहेगा।

वहीं सीएम नीतीश ने ट्वीट कर लिखा कि बिहार विधानसभा उपचुनाव में कुशेश्वरस्थान एवं तारापुर से जदयू और एनडीए के उम्मीदवारों को जीत दिलाने के लिए क्षेत्र की जनता को बधाई। लोकतंत्र में जनता मालिक है और जनता ने अपना फैसला सुना दिया है।
वहीं जदयू सांसद और केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने ट्वीट कर लिखा कि तारापुर विधान सभा उपचुनाव में विजयी होने पर एनडीए समर्थित जदयू उम्मीदवार श्री राजीव कुमार सिंह को शुभकामनाएं। तारापुर की जनता का तहे दिल से आभार जिन्होंने एक बार फिर हमारे आदरणीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी के मज़बूत नेतृत्व में पूरा भरोसा किया है ।
वहीं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने ट्वीट कर लिखा कि फिर से विश्वास और स्नेह देकर एनडीए को जीत दिलाने पर तारापुर की जनता का हार्दिक आभार। जदयू प्रत्याशी श्री राजीव कुमार सिंह जी को जीत की हार्दिक बधाई। दोनों विधानसभा क्षेत्रों से एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशियों की जीत श्री नीतीश कुमार जी के प्रति समर्पित बिहार की जनता की जीत है।
वहीं कुशेश्वरस्थान विधानसभा सीट पर हार मिलने के बाद राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने हार का ठीकरा पार्टी के तीन लोगों पर फोड़ा है। चुनाव का नतीजा सामने आने के बाद तेजप्रताप अपनी मां राबड़ी देवी के आवास से बाहर निकले और कुशेश्वरस्थान में मिली हार के लिए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह, एमएलसी सुनील सिंह और तेजस्वी के करीबी संजय यादव को जिम्मेदार बताया है।












Click it and Unblock the Notifications