तेजस्वी यादव ने कहा- साड़ी और शराब बांट रही है नीतीश सरकार, अगर काम किया होता तो यह नौबत नहीं आती
पटना। बिहार विधानसभा के दो सीटों पर होने वाले उपचुनाव से पहले एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में तेजस्वी यादव ने एक बार फिर सीएम नीतीश कुमार पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार सरकार छठ पूजा के नाम पर शराब बांट रही है, महिलाओं को साड़ी दे रही है, पीपीएल को पैसे बांट रही है। अगर सरकार कुछ विकास कार्य करती तो इन चीजों के बंटवारे की स्थिति पैदा ही नहीं होती।

इसके अलावा उन्होंने कहा कि अधिकारियों पर दबाव डाला जाता है कि वे लोगों को एक खास पार्टी के पक्ष में वोट दें। कल हमारी शिकायत पर चुनाव आयोग ने डीएसपी को हटा दिया। इससे पता चलता है कि हमारी शिकायत सही थी। इन चुनावों में सरकार तमाम हथकंडे अपना रही है लेकिन कामयाब नहीं होगी। हम जीतेंगे।ट
तेजस्वी यादव लगातार ट्विटर पर नीतीश सरकार को घेरने की कोशिश कर रहे हैं। ट्वीट कर उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जी बहुत ही शर्मीले स्वभाव के है इसलिए वो महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, अफसरशाही,शराब तस्करी,बदहाल शिक्षा,स्वास्थ्य एवं विधि व्यवस्था पर कभी भी बात नहीं करते। वो आपका वर्तमान व भविष्य बर्बाद कर कहते है इतिहास के बासी पन्नों को सूंघते रहो। वर्तमान में बात कीजिए,साहब!
तेजस्वी यादव ने कहा कि 16 साल शासन के बाद भी कोई आपको बस इतिहास पर लेक्चर ही दे तो समझ जाइये उसके बस का कुछ नहीं। वो अगले 50 साल राज करने के बाद भी आपको यही बहाने सुनाएगा। पूर्वाग्रह से ऊपर उठें। एक ऊर्जावान युवा आपके समक्ष एक प्रमाणिक विज़न के साथ आपसे एक अवसर माँग रहा है। बिहार की दिशा तय करें।
अपनी जनसभा का वीडियो ट्वीट करते हुए तेजस्वी यादव ने लिखा कि जनता और सरकार के बीच लड़ाई ठन चुकी है। जनादेश चोरी कर बनी बेईमान सरकार का जाना तय है। निरंतर आपका प्यार, समर्थन और विश्वास पाकर नि:शब्द हूँ। आज तारापुर में उमड़ा जनसैलाब आदरणीय नीतीश कुमार की फ़र्ज़ी नैतिकता और अंतरात्मा को ललकार रहा है।












Click it and Unblock the Notifications