दिवंगत शहाबुद्दीन की पत्नी की तबीयत हुई खराब तो देर रात हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे तेजस्वी
पटना। राष्ट्रीय जनता दल के पूर्व बाहुबली सांसद दिवंगत शहाबुद्दीन की पत्नी और राजद महिला नेता हीना शहाब की मंगलवार की देर रात को तबीयत खराब हो गई। इसके बाद आनन-फानन में हीना शहाब को पटना के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक हीना शहाब को डिहाइड्रेशन और डिप्रेशन की शिकायत थी। इसी के चलते उनकी तबीयत खराब हुई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल लाया गया। हीना शहाब में सोडियम और पोटैशियम की भी कमी बताई जा रही है।

चिकित्सकों का कहना है कि हीना की तबीयत में तेजी से सुधार हो रहा है । वहीं हीना शहाब के बेटे ओसामा भी मां की तबियत बिगड़ने पर समर्थकों के साथ सीवान से पटना पहुंचे। इस दौरान जैसे ही तेजस्वी यादव को इस बात की सूचना मिली तो वो भी देर रात को हीना शहाब का हालचाल जानने के लिए पटना के पारस अस्पता पहुंचे। हालांकि तेजस्वी यादव की मुलाकात हीना से नहीं हो पाई लेकिन तकरीब आधे घंटे तक शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा से मुलाकात की और हीना शहाब की तबीयत के बारे में जानकारी ली।
इस दौरान राजद के दर्जनों विधायक तेजस्वी यादव के साथ पारस अस्पताल पहुंचे थे। बता दें कि शहाबुद्दीन की कोरोना से मौत होने के बाद लालू परिवार पर उपेक्षा का आरोप था, जिसके बाद पार्टी के कई नेताओं ने इस डैमेज को कंट्रोल करते हुए मुद्दे को संभाला था। बता दें कि इसी वर्ष मई में पूर्व बाहुबली सांसद शहाबुद्दीन की दिल्ली के तिहाड़ जेल में कोरोना के चलते देहांत हो गया था।












Click it and Unblock the Notifications