जेल में बंद बाहुबली नेता आनंद मोहन की घर वाली फोटो वायरल, 6 पुलिसकर्मी हुए सस्पेंड
पटना, अगस्त 15। बिहार में सत्ता परिवर्तन के साथ ही आपराधिक छवि वाले नेता और बाहुबलियों की मौज-मस्ती शुरू हो गई है। दरअसल, बिहार के पूर्व सांसद और बाहुबली आनंद मोहन की एक वायरल फोटो को लेकर छह पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। आपको बता दें कि आनंद मोहन की एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी, जिसमें वो कोर्ट में पेशी के लिए जाते वक्त अपने घर गए थे और वहां उन्होंने एक मीटिंग भी की थी।

आनंद मोहन की फोटो हुई थी वायरल
सोशल मीडिया पर आनंद मोहन की फोटो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे, जिसके बाद सहरसा पुलिस के एसपी ने छह पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करने का आदेश जारी कर दिया। सरकारी आदेश में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर आनंद मोहन की जो फोटो वायरल हुई थी, उसकी जांच के निर्देश दिए गए थे। जांच में चीजें सही आने के बाद पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करने का आदेश जारी कर दिया गया।
क्या है पूरा मामला?
आपको बता दें कि आरजेडी से पूर्व सांसद आनंद मोहन 12 अगस्त को एमपी-एमएलए कोर्ट में पेशी के लिए ले जाए गए थे। कोर्ट से जेल आते वक्त पुलिस के काफिले के साथ उन्हें सहरसा में उनके घर ले जाया गया था। यहां उन्होंने परिवार और समर्थकों के साथ एक बैठक की थी। इस बैठक की एक फोटो सोशल मीडिया पर हो गई थी, जिसके बाद बिहार पुलिस की खूब आलोचना हुई। फोटो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठे थे।
कौन हैं आनंद मोहन?
आपको बता दें कि आनंद मोहन आरजेडी के पूर्व नेता और पूर्व सांसद हैं। वो गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी कृष्णैया की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं। आनंद मोहन का बेटा चेतन आनंद आरजेडी से विधायक है।
आनंद मोहन को निचली अदालत ने फांसी की सजा सुनाई थी, लेकिन बाद में पटना हाईकोर्ट ने इस सजा को उम्रकैद में बदल दिया था।












Click it and Unblock the Notifications