सीवानः दोस्तों के साथ गए दो युवकों की निर्ममता से हत्या, खेत में मिली लाश
सीवान। बिहार के सीवान जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सरावे गांव में गुरुवार को दो युवकों की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। दोनों युवकों की शिनाख्त सीवान शहर के पुरानी किला निवासी शकील आजम के पुत्र शाहिल आजम और शुक्ला टोली निवासी लाडले के पुत्र शहबल के रूप में हुई है। जैसे ही दोनों युवकों की मौत की सूचना घरवालों को मिली घर में कोहराम मच गया।

दरअसल दोनों एक पल्सर बाइक से अपने दूसरे दोस्त के साथ बुधवार की शाम गोपालगंज के हथुआ गए हुए थे। वापस लौटने के दौरान इनके साथ गए दोनों दोस्त आगे निकल आए जबकि शाहिल और शहबल रास्ते में ही रुक गए। उसके बाद से इन दोनों का कोई पता नहीं चला। घरवालों ने काफी खोजबीन की तो इनका पता नहीं चल पाया।
इसके बाद आज यानी गुरुवार की सुबह जब सरावे गांव के लोगों ने दो युवकों का शव देखा तो इसकी सूचना मुफस्सिल पुलिस को दी। सूचना के बाद मुफासिल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों युवक के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। दोनों का शव सरावे स्थित खेत से बरामद किया गया। उनके शरीर पर चोट के निशान भी हैं।
ऐसी आशंका व्यक्त की जा रही है कि मारपीट कर इन दोनों को मौत के घाट उतारा गया है। मुफ्फसिल थाना पुलिस साथ गए दोनों दोस्त से पूछताछ कर रही है। मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि चारो दोस्त गोपालगंज के हथुआ किसी को मोबाइल देने गए थे, जिसमें से दो दोस्त कल शाम चले आए और इन दोनों का शव आज सुबह खेत से बरामद किया गया है। फिलहाल इन दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है कि आखिर ये युवक किसके यहां गए थे और यह दोनों पहले क्यों आ गए।












Click it and Unblock the Notifications