कौन हैं राणा सुजीत जो कांग्रेस की टिकट पर NDA को देंगे चुनौती, CM नीतीश को उनके परिवार से मिल चुकी है मात
Congress Lok Sabha Candidate News: लोकसभा चुनाव 2024 का आधिकारिक बिगुल चुनाव आयोग ने भले ही अभी नहीं बजाया हो लेकिन सभी प्रमुख राजनैतिक दलों ने इसको लेकर अपनी तैयारियां जोर शोर से शुरू कर दी है। बिहार में भी सभी प्रमुख दलों ने चुनावी रणनीतियों पर मंथन शुरू कर दिया है।
चुनावी तैयारियों के बीच कांग्रेस नेता राणा सुजीत सिंह ने बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह से आज दिल्ली में मुलाकात की। इसके साथ ही बिहार के लोगों के बेहतर भविष्य के लिए युवाओं पर भरोसा करने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

वन इंडिया हिंदी से ख़ास बातचीत में राणा सुजीत सिंह ने बताया कि अब लोकसभा चुनाव में ज्यादा समय नहीं बचा है और हमारे पास अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने का इससे बेहतर मौक़ा नहीं मिलेगा। जैसे जैसे लोकसभा चुनाव की तारीखें नजदीक आ रही हैं वैसे सभी पार्टियां अपने अपने उम्मीदवारों का ऐलान करते जा रही हैं।
बिहार में इंडिया गठबंधन को लेकर सीटों के बंटवारे पर मंथन चल रहा है। इस बार कांग्रेस की टिकट पर लोकसभा चुनाव में सियासी दांव खेलने जा रहे हैं। जल्द ही आपसे बताएंगे कि वह किस लोकसभा सीट से चुनावी ताल ठोकेंगे।
आपको बता दें कि राणा सुजीत सिंह के परिवार का सियासी इतिहास रहा है। वह बाढ़ क्षेत्र से आते हैं, और उनके दादा स्व. कामेश्वर प्रसाद सिंह 1960 के दशक से लेकर काफी लंबे समय तक इस क्षेत्र में लोकप्रिय जननेता के रूप में जाने जाते थे।
कामेश्वर प्रसाद सिंह भारत के उपप्रधानमंत्री चंद्रशेखर के खासे करीबी माने जाते थे। एक समय में बाढ़ क्षेत्र की हर समस्याओं को लोग इनके द्वारा निष्पादन कराने के लिए देखते थे। विजय कृष्ण जो राणा सुजीत सिंह के चाचा हैं, वो भी कई बार सांसद चुने गए।
साल 2004 के आम चुनावों में उन्होंने बिहार के वर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तक को बाढ़ संसदीय क्षेत्र से हराया था। उन्हीं कामेश्वर प्रसाद सिंह के पोते और सिधेश्वर प्रसाद सिंह के बेटे राणा सुजीत सिंह इस बार बिहार से लोकसभा चुनाव की तैयारी कर रहे हैं।
आपको बता दें कि राणा सुजीत के पिता सिधेश्वर सिंह ने ख़ुद राजनीति में ना क़दम नहीं रखा, लेकिन अपने भाई विजय कृष्ण को सियासी जीत दिलवाते रहे। अब राणा सुजीत सिंह ने पिता की तरह ही समाज सेवा के लिए राजनैतिक पारी की शुरुआत की है।
राणा सुजीत सिंह भोजपुरी फिल्मों के निर्माता भी रह चुके हैं, इन्होंने कई भोजपुरी फिल्मों का निर्माण भी किया है। अब वह रील लाइफ से बाहर आकर रियल लाइफ में जनता के बीच जाने का मन बना चुके हैं। राणा सुजीत सिंह ने कहा कि जनता के मुद्दे को संसद में नहीं उठाया जा रहा है।
आम जनता कई समस्याओं से जूझ रही है, नेता लोग जनता की आवाज़ को दबा रहे हैं। इसलिए अब खुद से जनता के मसले को हल करने के लिए आवाज़ बनेंगे। संसद में पुरज़ोर तरीके से अपनी बात रखेंगे। जनता के मुद्दे को हल करवाना हमारी प्राथमिकता रहेगी।
हम अपने लोकसभा क्षेत्र की जनता के प्रति समर्पित भाव से काम करेंगे। इसलिए दिल्ली की आराम भरी ज़िंदगी छोड़कर बिहार की जनता के बीच आया हूं। अब अपने प्रदेश की जनता का सेवा ही मेरा लक्ष्य है। हम इंडिया गठबंधनन वाले आश्वस्त हैं कि इस बार मोदी की कारपोरेट सरकार को उखाड़ फेकेंगे।
भाजपा को जनता की समस्याओं से कुछ भी लेना देना नहीं है। बिहार में नीतीश कुमार जो इनके पिछलग्गू बनकर इधर से उधर फुदक रहे हैं, उन्हें बिहार के विकास से कोई लेना देना नहीं है। हम इस बार बिहार में भी इस एनडीए सरकार को उखाड़ फेकेंगे।
हम जनता की सेवा भावना से चुनावी समर में उतर रहे हैं और जनता की सेवा भाव से ही चुनाव भी जीतेंगे । जनता इसबार हमें चुनकर संसद में आवाज़ बनाकर भेजेगी, इस बात का हमें पूरा भरोसा है| जनता के साथ वादे के साथ नहीं मज़बूत इरादे के साथ खड़े हैं। जनता के हितों के लिए काम करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications