पत्रकार राजदेव हत्याकांड: CBI ने शहाबुद्दीन के खिलाफ फाइल की चार्जशीट
नई दिल्ली। पत्रकार राजदेव रंजन हत्याकांड मामले में सीबीआई ने मंगलवार को बिहार के बाहुबली नेता शहाबुद्दीन के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की। सीबीआई ने इस चार्जशीट में शहाबुद्दीन पर राजदेव रंजन की हत्या का साजिश रचने का आरोप लगाया है।

सीबीआई ने यह चार्जशीट मुजफ्फरपुर स्पेशल कोर्ट में दाखिल की है। सीबीआई ने चार्जशीट में तिहाड़ जेल में बंद शहाबुद्दीन पर हत्या की साजिश रचने, हत्या, और आर्म्स एक्ट से संबंधित धाराएं लगाई हैं। बता दें कि सीबीआई के पास यह केस जाने से पहले बिहार पुलिस ने अपने चार्जशीट में छह लोगों को आरोपी बनाया था।
क्या है मामला?
सीवान से चार बार सांसद रहे शहाबुद्दीन पर एक हिन्दी दैनिक में काम करने वाले पत्रकार राजदेव रंजन की हत्या कराने का आरोप है। 13 मई को सीवान में राजदेव रंजन की गोली मार हत्या कर दी गई थी। राजदेव रंजन की पत्नी ने हत्या के पीछे शहाबुद्दीन का हाथ बताया था।
शहाबुद्दीन पर इसके अलावा 45 और गंभीर धाराओं में मुकदमें चल रहे हैं। सीवान के ही रहने वाले चंद्रशेखर प्रसाद जिनके तीनों बेटों की हत्या का आरोप शहाबुद्दीन पर है, की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने फरवरी में शहाबुद्दीन को तिहाड़ जेल में शिफ्ट करने का आदेश दिया।












Click it and Unblock the Notifications