बिना महिला पुलिस को साथ लिए इंस्पेक्टर साहब दुल्हन के कमरे में जा घुसे, राबड़ी देवी ने वीडियो किया ट्वीट
पटना। सीएम नीतीश कुमार की सख्ती के बाद से शराबबंदी को लेकर प्रदेश की पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। राजधानी पटना सहित बिहार के अलग-अलग जिलों में लगातार छापामारी कर पुलिस शराब कारोबारियों और शराब पीने-पिलाने वालों को गिरफ्तार कर रही है। इस बीच राज्य की पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने एक वीडियो ट्वीट कर बिहार पुलिस पर बिना महिला पुलिसकर्मियों के दुल्हन के कमरों और कपड़ों की तलाशी लेने का आरोप लगाया है। राबड़ी के इस आरोप से बिहार की सियासत में शराबबंदी और इसे लेकर सरकार के ताजा अभियान पर नए सिरे से राजनीति गरमा गई है।

राबड़ी देवी ने जो वीडियो ट्वीट किया है, वो किसी होटल का लग रहा है। ऐसा लग रहा है कि होटल में शादी के लिए वर-वधू पक्ष ठहरे हैं। तभी वहां बिहार पुलिस पहुंची है, जिसमें कोई भी महिला कर्मचारी नहीं है। एक पुलिस अधिकारी बारी-बारी कमरे खुलवाकर अलमारी, बेड के नीचे और दराजें चेक करता है। पुलिस अधिकारी जिन कमरों में जाता है वहां ज्यादातर महिलाएं होती हैं। ऐसी में एक जगह पुलिस अधिकारी यह भी कहते हुए सुना जाता है कि ' हम भी जानते हैं कि लड़की पक्ष के पास शराब नहीं होगी लेकिन क्या करें ऊपर से ऑर्डर है। '
राबड़ी देवी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि बिहार पुलिस शराबबंदी के नाम पर बिना महिला पुलिसकर्मियों के दुल्हन के कमरों और कपड़ों की तलाशी ले रही है। यह निजता के अधिकार का उल्लंघन है। बिहार में शराब कैसे व क्यों पहुँच रही है,कौन पहुँचा रहा है? उसकी जाँच और खोजबीन नहीं लेकिन उल्टा सनकी सरकार महिलाओं को ही परेशान कर रही है?।
इसके अलावा उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि अब लोग शादी करें या तानाशाह की सनक मिटाए। बिहार पुलिस, शराब माफिया और सरकार के गठजोड़ से ये खुद शराब मँगवाते, बेचते और बिकवाते है। उस पर कारवाई ना करने की बजाय आम नागरिकों को परेशान करना, उनकी निजता का उल्लंघन कर उनके निजी जीवन में अतिक्रमण करना कौन सा क़ानून है? CM जवाब दें।












Click it and Unblock the Notifications