Voter Adhikar Yatra: बिहार की सड़कों पर राहुल-प्रियंका की बुलेट राइड ने मचाई हलचल, दरभंगा में जुटी भारी भीड़
Voter Adhikar Yatra: बिहार में कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की 'वोटर अधिकार यात्रा' पूरे जोश के साथ जारी है। आज यात्रा के 11वें दिन दरभंगा में उस वक्त उत्साह देखने लायक था, जब यहां राहुल गांधी ने अपनी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा को बुलेट की पिछली सीट पर बिठाकर रैली निकाली।
जनता के बीच इस जोशीले अंदाज ने चुनावी माहौल को और गर्म कर दिया। यह दृश्य अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। राहुल गांधी बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में राज्यव्यापी यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं।

प्रियंका गांधी की पहली बिहार यात्रा
सक्रिय राजनीति में आने के बाद प्रियंका की यह पहली बिहार यात्रा थी, जिससे पार्टी के महत्वपूर्ण चुनावों से पहले अभियान को अधिकतम बल देने के इरादे का संकेत मिलता है। इस यात्रा में आज तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन भी शामिल हो सकते हैं। यात्रा शाम के करीब 4 बजे मुजफ्फरपुर के गयाघाट पहुंचेगी। यहां से बोचहां, मीनापुर औराई से गुजरेगी।
रुन्नीसैदपुर में एक बड़ी सभा को संबोधित करेंगे राहुल गांधी
वोटर अधिकार यात्रा के दौरान राहुल गांधी सीतामढ़ी के रुन्नीसैदपुर में एक बड़ी सभा को संबोधित करेंगे। 27 अगस्त की रात डुमरा हवाई अड्डा मैदान में विश्राम के बाद 28 अगस्त की सुबह सभी नेता पुनौरा धाम पहुंचेंगे और माता जानकी से आशीर्वाद लेंगे। धार्मिक स्थल पर उनकी सुरक्षा के लिए कड़ी तैयारियां की जा रही हैं।
राहुल गांधी ने अमित शाह पर लगाए गंभीर आरोप
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इससे पहले 26 अगस्त को बिहार के मधुबनी जिले में वोट अधिकार यात्रा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा पर वोट चोरी (Vote Chori) के जरिए लंबे समय तक सत्ता में बने रहने का आरोप लगाया और कहा कि अमित शाह का बयान, जिसमें उन्होंने पार्टी के 40-50 साल तक शासन की बात कही, उस 'सच' को उजागर करता है।
राहुल गांधी ने कहा कि, 'अमित शाह कई बार कह चुके हैं कि भाजपा सरकार 40-50 साल तक चलेगी। इसलिए, मुझे यह सोचने पर मजबूर होना पड़ा कि उन्हें कैसे पता कि वे 40-50 साल तक सत्ता में रहेंगे? यह एक अजीब बयान था।'
प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी साधा निशाना
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी प्रधानमंत्री के चुनावी तंज पर पलटवार करते हुए इसी आरोप को दोहराया। उन्होंने कहा कि, 'नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव के दौरान कहा था- कांग्रेस आपकी भैंस चुरा लेगी। लेकिन नरेंद्र मोदी खुद आपका वोट चुरा रहे हैं।'
दरभंगा से शुरू होकर सीतामढ़ी पहुंचेगी यात्रा
27 अगस्त को राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा दरभंगा से शुरू होकर मुजफ्फरपुर होते हुए सीतामढ़ी पहुंचेगी। इस दिन यात्रा का मार्ग गंगवारा महावीर स्थान, दरभंगा और मुजफ्फरपुर से होकर गुजरते हुए सीतामढ़ी तक रहेगा। इस दौरान तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और सांसद कनिमोझी भी यात्रा में शामिल होंगे।












Click it and Unblock the Notifications