Bihar Politics: प्राण प्रतिष्ठा पर चढ़ा सियासी पारा, बोले शिक्षा मंत्री, भगवान के अंदर प्राण कौन दे सकता है?
Bihar Politics: बिहार में आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है। पक्ष-विपक्ष के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौरा जारी है। वहीं अब श्रीराम लला के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है। इसी क्रम में बिहार के शिक्षा मंत्री प्रोफेसर चंद्रशेखर ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
शिक्षा मंत्री प्रो. चंद्र शेखर ने कहा कि भगवान सर्वव्यापी हैं, उनके अंदर कोई प्राण नहीं दे सकता है। वहीं अयोध्या दर्शन के सवाल पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि न्योता मिलने पर जाऊंगा, नहीं मिलने पर नहीं जाऊंगा। आपको बता दें कि प्रो. चंद्रशेखर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में बने रहते हैं।

रामचरितमानस को लेकर उनके द्वारा दिए गए बयान पर काफी सियासत हुई थी। जनवरी 2023 में उन्होंने नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में रामचरितमानस को लेकर कहा था कि रामचरितमानस ग्रंथ दलितों, पिछड़ों और महिला को शिक्षा से रोकता है। समाज में उन्हें हक दिलाने से रोकता है। यह समाज को बांटने वाला ग्रंथ है।
रामचरितमानस के खिलाफ बयानबाज़ी करते हुए उन्होंने सितंबर (2023) में कहा था कि 'रामचरितमानस में पोटैशियम साइनाइड है, इसके रहने तक विरोध जारी रहेगा। रामचरितमानस के अरण्य कांड की चौपाई का ज़िक्र करते हुए सवाल भी किया था।
शिक्षा मंत्री ने कहा था कि 'पूजहि विप्र सकल गुण हीना, शुद्र न पूजहु वेद प्रवीणा' का क्या मतलब है? क्या गुणहीन विप्र पूजा के लायका हैं, गुण वाले शूद्र जिन्हें वेद की जानकारी है, वह पूजा के लायक नहीं है। उन्होंने कहा था कि इसके रहने तक विरोध जारी रहेगा।
बिहार के सियासी गलियारों में यह चर्चा तेज़ है कि, प्राण प्रतिष्ठा के ज़रिए भाजपा हिंदुत्व ज़मीन मज़बूत कर रही है। भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनाव में हिंदुत्व अजेंडे पर वोट बैंक तैयार करने की रणनीति बना रही है। इसलिए ही प्राण प्रतिष्ठा पर ज्यादा ज़ोर दिया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications