Bihar Politics: पीएम पद पर फिर नीतीश की दावेदारी, JDU ने लगाए पोस्टर- 'प्रदेश ने पहचान, अब देश भी पहचानेगा'
CM Nitish Poster: बिहार में जदयू की बैठक को लेकर संभावनाओं की सियासत शुरू हो चुकी है। सियासी गलियारों में यह चर्चा तेज़ है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जदयू की बैठक में बड़ा फ़ैसला ले सकते हैं। जदयू राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से ललन सिंह की छुट्टी हो सकती है।
इसी क्रम में जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से पहले दिल्ली में जदयू कार्यालय में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पोस्टर लगाए गए, जिन पर लिखा है,'प्रदेश ने पहचाना, अब देश भी पहचानेगा'।

सीएम नीतीश कुमार मीडिया से मुखातिब होते हुए यह कई बार बोल चुके हैं कि उन्हें पद की लालसा नहीं है। इसके बाद भी उनके पीएम उम्मीदवारी के दावेदारी के पोस्टर लगातार लगाए जा रहे हैं। जदयू नेता सीएम नीतीश कुमार को इंडिया गठबंधन की तरफ़ से पीएम उम्मीदवार घोषित करने की मांग बुलंद कर रहे हैं।
एक बार फिर दिल्ली जदयू कार्यालय में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से पहले सीएम नीतीश कुमार की पीएम उम्मीदवार की दावेदारी को लेकर पोस्टर लगाए गए हैं। पोस्टर लगने के बाद सियासी पारा एक बार फिर चढ़ गया है। विपक्ष के नेताओं ने इंडिया गठबंधन पर निशाना साधना शुरू कर दिया है।
विपक्षी नेताओं का कहना है कि इंडिया गठबंधन में प्रतिनिधित्व ही नहीं है, सभी अपने-अपने नेता को पीएम उम्मीदवार बनाना चाहते हैं। सीट शेयरिंग में भी सहमति नहीं बन पा रही है। सीट बंटवारे को लेकर इंडिया गठबंधन में कलह देखने को मिल सकता है।












Click it and Unblock the Notifications