सुशील मोदी के निधन से बिहार में शोक की लहर, PM मोदी सहित इन नेताओं ने किया याद
Sushil Modi Demise: बिहार में भाजपा की सियासत को दशकों तक चमकाने वाले वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी का 72 साल की उम्र में निधन हो गया। वो पिछले 7 महीने से कैंसर जैसी घातक बीमारी से जूझ रहे थे। सुशील मोदी का दिल्ली एम्स में इलाज चल रहा था, जहां सोमवार (13 मई) रात उनकी निधन हो गया।
सुशील कुमार मोदी के निधन की खबर से पूरे बिहार में शोक की लहर फैल गई। उनके निधन की जानकारी बीजेपी नेता और मौजूदा डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने दी, जिसके बाद पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सहित भाजपा नेता और विपक्ष के नेताओं ने शोक व्यक्त किया।

पीएम मोदी ने जताया शोक
पीएम मोदी ने सुशील मोदी को याद करते हुए लिखा,"पार्टी में अपने मूल्यवान सहयोगी और दशकों से मेरे मित्र रहे सुशील मोदी जी के असामयिक निधन से अत्यंत दुख हुआ है। बिहार में भाजपा के उत्थान और उसकी सफलताओं के पीछे उनका अमूल्य योगदान रहा है। आपातकाल का पुरजोर विरोध करते हुए, उन्होंने छात्र राजनीति से अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। वे बेहद मेहनती और मिलनसार विधायक के रूप में जाने जाते थे। राजनीति से जुड़े विषयों को लेकर उनकी समझ बहुत गहरी थी। उन्होंने एक प्रशासक के तौर पर भी काफी सराहनीय कार्य किए। जीएसटी पारित होने में उनकी सक्रिय भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं।"
जेपी नड्डा ने किया ट्वीट
वहीं भाजपा के राष्ट्रीय जेपी नड्डा ने X पर लिखा, "भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री सुशील मोदी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। विद्यार्थी परिषद से लेकर अभी तक हमने साथ में संगठन के लिए लंबे समय तक काम किया। सुशील मोदी जी का पूरा जीवन बिहार के लिये समर्पित रहा।"
अमित शाह ने बताया महान पुरोधा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने X पर लिखा, "हमारे वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी जी के निधन की सूचना से आहत हूँ। आज बिहार ने राजनीति के एक महान पुरोधा को हमेशा के लिए खो दिया। ABVP से भाजपा तक सुशील जी ने संगठन व सरकार में कई महत्त्वपूर्ण पदों को सुशोभित किया। उनकी राजनीति गरीबों व पिछड़ों के हितों के लिए समर्पित रही।"
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव, पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने भी सुशील मोदी के निधन पर शोक व्यक्त किया। राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद ने 1974 आंदोलन के छात्र नेता रहे पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि हमने एक संघर्ष और आंदोलन का साथी को खो दिया है। इनकी कमी हमेशा महसूस करूंगा।
लालू प्रसाद यादव ने कही ये बात
लालू यादव ने ट्वीट करते हुए लिखा-"पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ के समय यानि विगत 51-52 वर्षों से हमारे मित्र भाई सुशील मोदी के निधन का अति दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। वे एक जुझारू, समर्पित सामाजिक राजनीतिक व्यक्ति थे। ईश्वर दिवगंत आत्मा को चिरशांति तथा परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।"
भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने X पर लिखा, "बिहार और भाजपा के कद्दावर नेता, पूर्व उपमुख्यमंत्री और मेरे स्नेहिल बड़े भाई सुशील मोदी का निधन बहुत ही दु:खद है। भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने और भाजपा के विस्तार में उनकी बहुत बड़ी भूमिका थी। उनका असमय निधन से मैं बहुत मर्माहत हूं। यह उनके जाने का समय नहीं था। मेरी बहुत विनम्र श्रद्धांजलि!"
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने X पर लिखा, "बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री व पूर्व राज्यसभा सांसद श्री सुशील कुमार मोदी जी के निधन पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि। यह बिहार भाजपा के लिए अपूरणीय क्षति है।"
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने X पर लिखा, "भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री सुशील मोदी जी अब हमारे बीच नहीं रहे । पूरे भाजपा संगठन परिवार के साथ-साथ मेरे जैसे असंख्य कार्यकताओं के लिए यह एक अपूरणीय क्षति है । अपने संगठन कौशल,प्रशासनिक समझ और सामाजिक राजनीतिक विषयों पर अपनी गहरी जानकारी के लिए वे हमेशा याद किए जाएंगे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को चिरशांति और परिजनों को इस शोक की घड़ी में सम्बल प्रदान करें।"












Click it and Unblock the Notifications