Bihar Politics: PK की तीसरी किस्त ने उड़ाई NDA की नींद,सबूतों के साथ BJP के नेता-मंत्री को कटघरे में किया खड़ा
Bihar Politics: सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) ने एक बार फिर बिहार सरकार के बड़े मंत्री पर बड़ा हमला बोला है। पटना में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के तीसरे भाग में PK ने स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय और दिलीप जायसवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
प्रशांत किशोर ने दावा किया कि दिलीप जायसवाल से रिश्वत लेकर फ्लैट खरीदने, एमजीएम मेडिकल कॉलेज को मानित विश्वविद्यालय का दर्जा दिलाने, और एम्बुलेंस खरीद में घोटाला हुआ है। PK ने दस्तावेज़ी सबूतों के साथ भाजपा और इसके मंत्रियों को कठघरे में खड़ा किया।

86 लाख का फ्लैट और रिश्वत का खेल: दिलीप जायसवाल से मिले पैसे से खरीदा गया दिल्ली का फ्लैट
प्रशांत किशोर ने खुलासा किया कि 2020 में कोविड संकट के समय मंगल पांडेय ने दिल्ली के द्वारका में अपनी पत्नी के नाम पर 86 लाख रुपये का फ्लैट खरीदा। फ्लैट की खरीदारी में 25 लाख रुपये की बड़ी रकम भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल के अकाउंट से मंगल पांडेय के पिता अवधेश पांडेय के अकाउंट में ट्रांसफर की गई।
यह राशि 6 अगस्त 2019 को RTGS के माध्यम से ट्रांसफर हुई और मंगल पांडेय ने इस ट्रांजैक्शन का जिक्र 2020 के हलफनामे में नहीं किया। फ्लैट डील में दिलीप जायसवाल विटनेस भी बने। इसके कुछ समय बाद ही किशनगंज के एमजीएम मेडिकल कॉलेज को डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा दे दिया गया। PK के अनुसार, "यह सौदा रिश्वतखोरी का क्लासिक केस है, जिसमें सत्ता, पैसे और पद की मिलीभगत से मेडिकल एजुकेशन के साथ खिलवाड़ किया गया।"
एम्बुलेंस घोटाला: टाटा मोटर्स का टेंडर खारिज कर फोर्स मोटर्स से ऊंचे दाम पर खरीदारी
PK ने कहा कि बिहार में स्वास्थ्य विभाग ने जानबूझकर: टाटा मोटर्स के सस्ते टेंडर को खारिज किया, यह कहते हुए कि ड्राइवर वाले हिस्से में एसी नहीं चाहिए। इसके बजाय फोर्स मोटर्स से 19.58 लाख रुपये प्रति एम्बुलेंस की दर से 466 एम्बुलेंस (टाइप C) खरीदी गईं। 2025 में फिर से 27 लाख रुपये प्रति एम्बुलेंस की दर से 250 यूनिट खरीदे गए, जबकि मार्केट रेट इससे काफी कम है। ओडिशा और उत्तर प्रदेश सरकार ने यही मॉडल सस्ते दामों पर खरीदे हैं।
प्रशांत किशोर ने इस मामले में प्रत्यय अमृत को भी जवाबदेह ठहराया। उस समय वे स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव थे और अब मुख्य सचिव बनने वाले हैं। PK ने चेताया "अधिकारियों को समझना चाहिए कि फाइल पर हस्ताक्षर उन्हीं के होते हैं। लालू यादव के साथ-साथ अफसर भी चारा घोटाले में सजा पाए थे।"
आयुष्मान कार्ड घोटाला: स्वास्थ्य मंत्री के पूर्व पीएस पर सवाल
PK ने दावा किया कि किशनगंज के MGM मेडिकल कॉलेज में आयुष्मान कार्ड बनाने के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा किया गया है। इस योजना के हेड वह व्यक्ति हैं जो पहले मंगल पांडेय के निजी सचिव (PS) रह चुके हैं।
भाजपा को खुली चुनौती: सरकार आपकी है, अगर हम दोषी हैं तो गिरफ़्तार करिए
प्रशांत किशोर ने भाजपा के आरोपों का जवाब देते हुए कहा "हमने 2018 में 'बात बिहार की' नाम से फेसबुक पेज शुरू किया था। यह हमारा अपना विचार है।" उन्होंने बताया कि इस पेज पर 25 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं और 5 करोड़ व्यूज आते हैं। "अगर हमने कुछ गलत किया है तो सरकार आपकी है, केस करिए और हमें पकड़ लीजिए।"
PK के हमले का चुनावी असर
PK ने भाजपा पर सीधा हमला करते हुए कहा, "यह ठगों और बदमाशों की भाजपा है जो कंबल ओढ़कर घी पी रही है। PK के लगातार आरोपों की तीसरी किश्त ने भाजपा को रक्षात्मक स्थिति में ला दिया है। मंगल पांडेय भाजपा के प्रमुख चेहरे और ब्राह्मण समुदाय के प्रतिनिधि माने जाते हैं, ऐसे में PK का यह हमला कास्ट बैलेंस और नैतिकता दोनों पर चोट है।
MGM मेडिकल कॉलेज का मामला मुस्लिम बहुल सीमांचल क्षेत्र से जुड़ा है, जहां PK 2025 के चुनाव में जनाधार बनाने की कोशिश कर रहे हैं। एम्बुलेंस घोटाले की बात आम लोगों से सीधे जुड़ती है और इसका असर ग्रामीण और निम्न-मध्यवर्गीय वोटर्स पर पड़ सकता है।
प्रशांत किशोर अब हर हफ्ते भ्रष्टाचार के आरोपों की एक-एक परत खोल रहे हैं। भाजपा पर सीधा हमला कर PK ने साफ संदेश दिया है कि 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में वह न सिर्फ विकल्प बनना चाहते हैं, बल्कि सत्ता में आने के लिए आर-पार की लड़ाई लड़ने को तैयार हैं।












Click it and Unblock the Notifications