सृजन घोटाले की मास्टरमाइंड मनोरमा देवी को कभी मुख्यमंत्री नीतीश ने दिया था अवार्ड
पटना। बिहार के भागलपुर में हुए सृजन घोटाले में रोज नए नए खुलासे हो रहे हैं। अब इस घोटाले की मास्टरमाइंड मनोरमा देवी की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ तस्वीरें सामने आई हैं। इन तस्वीरों में नीतीश कुमार, मनोरमा देवी को सार्वजनिक मंच पर अवार्ड देते हुए नजर आ रहे हैं। बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी भी इन तस्वीरों में नजर आ रहे है। इन तस्वीरों के सामने आने के बाद विपक्ष एक बार फिर नीतीश सरकार पर हमलावर हो गया है।

राज्य की सबसे बड़ी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने इन तस्वीर के जरिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी पर निशाना साधा है। लालू यादव ने कहा कि सृजन की सृजनकर्ता मनोरमा देवी नीतीश कुमार की काफी चहेती मानी जाती थी। नीतीश कुमार उनके काफी करीब थे और उन्हें नमन करते हुए सम्मानित करते थे तथा पुरस्कार देते थे। बिहार में सामने आया हजार करोड़ से अधिक रुपए का घोटाला व्यापम घोटाले की तरह है। साथ ही उन्होंने नीतीश कुमार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि इस बार क्या उनकी अंतरात्मा नहीं धिक्कारती, कहां चली गई उनकी मानवीय संवेदना।

बता दें कि इस घोटाले के सामने आने के बाद से विपक्ष नीतीश कुमार पर हावी है जिसे देखते हुए नीतीश ने इस मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी। सीबीआई ने मामले की जांच पड़ताल की शुरुआत कर दी है। सीबीआई ने भागलपुर के सृजन महिला विकास समिति और सहरसा की बैंक ऑफ बड़ौदा के डायरेक्टर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। साथ ही सीबीआई के द्वारा भागलपुर बैंक ऑफ बड़ोदा के पूर्व डायरेक्टर, पूर्व कैशियर और सहायक भूमि अधिग्रहण कार्यालय के प्रमुख के खिलाफ भी एफआइआर दर्ज की गई है। उल्लेखनीय है कि दिन पर दिन घोटाले की राशि में बढ़ोतरी होती जा रही है अब यह 1300 करोड़ से अधिक के पास जा पहुंचा है।












Click it and Unblock the Notifications