पप्पू यादव की पार्टी को चुनाव चिन्ह के तौर पर मिली कैंची छाप तो मांझी को दिया कड़ाही
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे सभी राजनीतिक दलों को चुनाव आयोग ने इलेक्शन सिंबल अलॉट कर दिया है। मंगलवार को आयोग ने प्रदेश की 12 क्षेत्रीय दलों को उनका नया चुनाव चिन्ह दे दिया है। पूर्व सांसद पप्पू यादव की जन अधिकार पार्टी ( लो ) को कैंची चुनाव चिन्ह मिला है। जबकि पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम पार्टी को कड़ाही, जनता दल राष्ट्रवादी को डोली, भारतीय लोकनायक पार्टी को रोड रोलर चुनाव चिन्ह के तौर पर मिला है। जबकि आम जनता पार्टी राष्ट्रीय को चप्पल निशान मिला है।

जन अधिकार पार्टी ( लो ) के अध्यक्ष पप्पू यादव ने चुनाव चिन्ह को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साल 2015 से उनकी पार्टी का चला आ रहा हॉकी इलेक्शन सिंबल आज की तारीख से खत्म हो गया। अब जेएपी पार्टी का नया चुनाव चिन्ह कैंची छाप है। उन्होंने कहा कि पार्टी सभी 243 विधानसभा सीटों पर कैंची चुनाव चिन्ह के साथ अपने उम्मीदवार मैदान में उतारेगी।
पूर्व सांसद ने नया चुनाव चिन्ह मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि कैंची के सहारे बिहार की जनता भ्रष्ट्राचारियों और लुटेरों के पर कतरेगी। हमारा प्रयास होगा कि कैंची राज्य के लोगों का अपना चुनाव चिन्ह हो। कैंची इस बार जनता के सामने एक विकल्प के रूप में होगी। आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत तय है। जेएपी के एक-एक कार्यकर्ता बिहार में बदलाव के वाहक बनेंगे। उन्होंने कहा कि नया चुनाव चिन्ह मिलने से लोगों को हमें समझने में सहूलियत होगी।












Click it and Unblock the Notifications