बिहार में 8वीं कक्षा तक 50 प्रतिशत के साथ और 9वीं से ऊपर 100 फीसदी क्षमता के साथ खुलेंगे स्कूल
पटना। बिहार में कोरोना के मामले कम होने पर सीएम नीतीश कुमार ने स्कूल और कॉलेज को लेकर बड़ा फैसला लिया है। सीएम नीतीश कुमार ने ट्वीट कर लिखा कि कोरोना की स्थिति की समीक्षा की गई। कोरोना संक्रमण की स्थिति में सुधार को देखते हुए 8वीं कक्षा तक के सभी विद्यालय 50 प्रतिशत क्षमता के साथ तथा 9वीं एवं ऊपर की कक्षाओं से संबंधित सभी विद्यालय एवं महाविद्यालय तथा कोचिंग संस्थान शत-प्रतिशत उपस्थिति के साथ खुल सकेंगे।

इसके अलावा उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि जिला प्रशासन की पूर्वानुमति से सभी प्रकार के सामाजिक, राजनीतिक, मनोरंजन, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन अपेक्षित सावधानियों के साथ आयोजित किए जा सकेंगे। विवाह समारोह, अंतिम संस्कार/श्राद्ध कार्यक्रम अधिकतम 200 व्यक्तियों की उपस्थिति के साथ आयोजित किये जा सकेंगे।
सीएम नीतीश कुमार ने कई सारे ट्वीट किये। उन्होंने लिखा कि हम सभी बिहारवासियों को कोविड के कारण अभी भी सावधानी बरतने की जरूरत है। मास्क के उपयोग के साथ ही सामाजिक दूरी का पालन करना नितांत आवश्यक है। बिहार में कोरोना संक्रमण की समीक्षा के लिए क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की बैठक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
पहले की तरह ही सभी दुकानें, प्रतिष्ठान, शॉपिंग मॉल एवं धार्मिक स्थल सामान्य रूप से खुल सकेंगे जबकि सभी पार्क एवं उद्यान प्रातः 6 बजे से अपराह्न 2 बजे तक खुलेंगे। नए फैसले के तहत जिला प्रशासन की पूर्वानुमति से सभी प्रकार के सामाजिक, राजनीतिक, मनोरंजन, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन अपेक्षित सावधानियों के साथ आयोजित किए जा सकेंगे।












Click it and Unblock the Notifications