Bihar Politics: सत्ता गठन पर सवाल! NDA की ऐतिहासिक जीत फिर भी CM की कुर्सी को लेकर सस्पेंस, क्या पक रही खिचड़ी
Bihar Politics, NDA Ka CM Kaun?: बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए ने शानदार और ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। बीजेपी 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, जबकि जेडीयू को 85 सीटें मिली हैं। चुनाव प्रचार के दौरान विपक्ष लगातार यह सवाल उठाता रहा कि एनडीए ने नीतीश कुमार को आधिकारिक तौर पर मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित क्यों नहीं किया।
अब नतीजों के बाद भी इसी बात पर राजनीतिक गलियारों में चर्चा जारी है कि आखिर बिहार की कमान किसके हाथ में जाएगी। हालांकि जेडीयू ने साफ कहा है कि नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री हैं और वही रहेंगे, लेकिन बीजेपी की ओर से अब तक स्पष्ट बयान नहीं आया है, जिससे हल्का सस्पेंस बना हुआ है।

नीतीश आवास पर दिनभर राजनीतिक हलचल, नेताओं का जमावड़ा
चुनाव नतीजों के अगले ही दिन शनिवार को नीतीश कुमार के आवास पर नेताओं का आना-जाना लगातार जारी रहा। जेडीयू के कई वरिष्ठ नेता उनसे मिले और सरकार गठन पर बातचीत की। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि जैसा प्रचंड जनादेश एनडीए को मिला है, उसके बाद किसी अन्य चेहरे का उभरना मुश्किल है और नीतीश ही मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
एनडीए में नेता चयन की प्रक्रिया, बीजेपी बोली- पहले विधायक दल का चुनाव
बिहार बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि गठबंधन के सभी पांचों घटक दल पहले अपने-अपने विधायक दल के नेता का चयन करेंगे। इसके बाद केंद्रीय नेतृत्व की मौजूदगी में एनडीए की संयुक्त बैठक होगी, जिसमें गठबंधन के विधायक दल का नेता चुना जाएगा। जायसवाल ने कहा कि इसी प्रक्रिया का पालन संवैधानिक परंपराओं के अनुसार किया जाएगा।
जेडीयू का स्पष्ट रुख-'सीएम पद की कोई वैकेंसी नहीं'
जेडीयू की ओर से नीतीश कुमार को लेकर किसी तरह का संदेह नहीं छोड़ा गया है। केंद्रीय मंत्री और जेडीयू नेता ललन सिंह ने नीतीश से मुलाकात के बाद कहा कि मुख्यमंत्री पद पर कोई "वैकेंसी" नहीं है। फुलवारी से विजयी उम्मीदवार श्याम रजक ने भी दोहराया कि पूरा एनडीए एकजुट है और नीतीश ही उनके नेता हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने नीतीश कुमार को उनके काम के आधार पर दोबारा मौका दिया है।
JDU का दावा- नीतीश ही लेंगे सीएम पद की शपथ
हम (सेकुलर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन भी मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद इसी स्वर में बोले। उन्होंने कहा कि जनादेश नीतीश कुमार के नेतृत्व में मिला है और वे ही बिहार का नेतृत्व करने में सक्षम हैं। जेडीयू सूत्रों ने साफ कहा है कि नीतीश ही मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे और इसमें किसी तरह का भ्रम नहीं है। उपेंद्र कुशवाहा ने भी कहा, "नीतीश कुमार मुख्यमंत्री थे, हैं और रहेंगे।"












Click it and Unblock the Notifications