Nawada News: डायरिया की चपेट में नवादा! 1 ही गांव के 40 लोग बीमार, 1 बुज़ुर्ग महिला की मौत
Nawada Diarrhea News: लोकसभा चुनाव के पांचवे चरण के लिए मतदान के बीच बिहार के नवादा ज़िले से डायरिया के कहर की ख़बर सामने आ रही है। मिली जानकारी के मुताबिक नवादा जिले के बलबापर गांव (मंजौर पंचायत, वारिसलीगंज प्रखंड) में डायरिया से हाहाकार मचा हुआ है।
शुक्रवार को डायरिया ने दस्तक दी जिसके बाद करीब चार दर्जन लोग बीमार पड़ गए। वहीं ग्रामीणों ने बताया कि डायरिया पीड़ित 55 वर्षीय बुज़ुर्ग महिला की मौत भी हो गई है। मामले की जानकारी मिलने के बाद वारिसलीगंज पीएचसी के डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम रविवार को मौक़े पर पहुंची।

इलाज के लिए बीमार लोगों को वारिसलीगंज पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अपने परिजनों का इलाज कराने पहुंचे लोगों ने बताया कि शुक्रवार को कुछ लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत हुई।
तीमारदारों द्वारा शनिवार को नजदीक के मिल्की स्वास्थ्य उप केंद्र में पीड़ितों को भर्ती कराया, लेकिन वहां सुधार नहीं होने की वजह से दूसरी जगह ले जाया गया। इसी क्रम में दशरथ यादव की पत्नी उर्मिला देवी को नवादा में भर्ती कराया गया।
शनिवार की रात उर्मिला देवीकी मौत हो गई। ग्रामीणों की मानें तो कुल 40 लोग डायरिया की चपेट में हैं। इनमें से ज्यादा बीमार लोगों का पीएचसी में इलाज चल रहा है। वहीं कुछ लोग नवादा और अन्य जगहों पर इलाज करवा रहे हैं।
पीएचसी की प्रभारी डॉ. आरती अर्चना के साथ रविवार को चिकित्सकों की टीम गांव पहुंची थी। वहां से करीब 1 दर्जन लोगों को वारिसलीगंज पीएचसी में ले जाया गया। जहां उन लोगों का इलाज चल रहा है।
आरती अर्चना (चिकित्सा पदाधिकारी) ने कहा कि डायरिया की सूचना मिलने के बाद तुरंत बाद वह चिकित्सकों के दल के साथ गांव पहुंची। वहां से बेहतर चिकित्सा के लिए कुछ लोगों को पीएचसी में एडमिट कराया। ज्यादातर लोगों को पतला शौच और उल्टी की शिकायत है।
महिला की डायरिया से मौत के सवाल पर उन्होंने कहा कि मृतक महिला की रिपोर्ट नहीं मिली है। इसलिए अभी उस पर कुछ भी कहना मुमकिन नहीं है। गर्मी ज़्यादा होने की वजह से और किसी दूसरी वजह से भी लोग बड़ी तादाद में बीमार पड़ सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications