मुंगेरः अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलटी मजदूरों से भरी मैजिक वैन, तीन की मौत और कई घायल
मुंगेर। बिहार के मुंगेर जिले के टेटिया बम्बर ताना क्षेत्र के रायपुर के पास मैजिक वैन अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। इस हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई। साथ ही कई मजदूर घायल भी हो गए, जिसमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक सभी मृतक मजदूर सुपौल के रहने वाले थे। घटना के बारे में बताया गया कि धान रोपनी को लेकर मजदूरों का एक जत्था सुपौल जिला से सड़क के रास्ते मैजिक वैन में सवार होकर मुंगेर होते हुए नवादा जा रहे थे। इसी दौरान मैजिक वैन गड्ढे में पलट गई।

वाहन के पलटने से चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में गाड़ी पर सवार दो दर्ज मजदूर घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने जब गड्ढे में गिरे वाहन से मजदूरों को निकाला तो एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं हादसे के बाद चालक वैन छोड़कर फरार हो गया। इस घटना के बाद अन्य घायल मजदूरों को तत्काल स्थानीय अस्पताल में इलाज के लिये भर्ती कराया गया।
सड़क हादसे की सूचना स्थानीय थाना को दे दी गई। इलाज के दौरान जहां दो अन्य मजदूरों की भी मौत हो गई। वहीं दो मजदूरों की गंभीर स्थिति देखते हुए बेहतर इलाज के सदर अस्पताल लाया गया। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घायल राम प्रसाद ने बताया कि सभी मृतक सुपौल जिला के रहने वाले हैं।












Click it and Unblock the Notifications