चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले CM नीतीश का मास्टरस्ट्रोक! 21 लाख महिलाओं को भेजे गए 10-10 हजार रुपये
Mukhyamantri Mahila Rojgar Yojana: बिहार में विधानसभा चुनाव की तारिकों का ऐलान आज होने वाला है। चुनाव की आहट तेज होते ही राज्य सरकार ने महिलाओं को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 21 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपये ट्रांसफर किए हैं।
माना जा रहा है कि यह कदम चुनाव से पहले महिलाओं को सीधे आर्थिक सहारा देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए उठाया गया है। इससे पहले 26 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संयुक्त कार्यक्रम के जरिए 75 लाख महिलाओं को ₹10,000 की आर्थिक मदद दी थी। उसके बाद 3 तारीख को 25 लाख महिलाओं के खाते में सीएम नीतीश ने 10-10 हजार रुपये ट्रांसफर किए थे।

पहली बार में महिलाओं के खातों में 7500 करोड़ रुपये की राशि डाली गई थी। 3 अक्टूबर को और 25 लाख महिलाओं को इस योजना का लाभ मिला है। आज 21 लाख महिलाओं को पैसे ट्रांसफर किए गए हैं। कुल मिलाकर एक करोड़ से ज्यादा महिलाएं इस योजना से जुड़ चुकी हैं।
ये भी पढ़ें: PM Kisan Yojana: नहीं किया ये प्रोसेस पूरा तो रूक जाएगी पीएम किसान की किस्त, कब है लास्ट डेट?
योजना का फायदा किसे मिलेगा?
इस योजना के तहत हर परिवार की केवल एक महिला सदस्य को 10-10 हजार रुपये दिए गए। यह राशि महिलाओं को लौटानी नहीं होगी। योजना की शर्तों के अनुसार आवेदिका की उम्र 18 से 60 साल के बीच होनी चाहिए और वह या उसके पति आयकर दाता नहीं होने चाहिए। इसके अलावा जीविका स्वयं सहायता समूह से जुड़ना जरूरी है। जो महिलाएं समूह से नहीं जुड़ी हैं, उन्हें पहले आवेदन कर समूह में सदस्य बनना होगा।
आवेदन प्रक्रिया में रिकॉर्ड तोड़ संख्या
सरकार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार अब तक 1 करोड़ 10 लाख से अधिक महिलाओं ने आवेदन किया है। इनमें से ग्रामीण क्षेत्रों की बड़ी संख्या में महिलाएं जीविका समूहों से जुड़ी हैं। वहीं शहरी इलाकों में 10 लाख से अधिक महिलाओं ने 264 शहरी निकायों के जरिए आवेदन किया है। इतना ही नहीं, 1 लाख 40 हजार से ज्यादा महिलाओं ने स्वयं सहायता समूह से जुड़ने के लिए भी आवेदन किया है।
कब और कैसे आएंगे पैसे?
सरकार ने दिसंबर तक राशि ट्रांसफर का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। 6 अक्टूबर, 17 अक्टूबर, 24 अक्टूबर, 31 अक्टूबर, 7 नवंबर, 14 नवंबर, 21 नवंबर, 28 नवंबर और 5 दिसंबर को भी महिलाओं के खातों में राशि भेजी जाएगी। यानी दिसंबर तक हर पात्र महिला के खाते में 10-10 हजार रुपये पहुंच जाएंगे।
लौटानी नहीं होगी राशि, आगे और मदद मिलेगी
इस योजना की सबसे खास बात यह है कि महिलाओं को दी गई रकम वापस नहीं करनी होगी। छह महीने बाद इसका आकलन किया जाएगा और इसके बाद योग्य महिलाओं को 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त मदद भी सरकार की ओर से दी जाएगी। इससे महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने में बड़ी राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री आवास में होगा बड़ा कार्यक्रम
मुख्यमंत्री आवास में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा मौजूद रहे। इसके अलावा जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी और ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार भी कार्यक्रम का हिस्सा बने।
रोजगार की सूची जारी
सरकार ने यह भी साफ कर दिया है कि महिलाओं को रोजगार के कौन-कौन से विकल्प मिल सकते हैं। सूची में फल-सब्जी की दुकान, जूस और डेयरी प्रोडक्ट, किराना दुकान, बर्तन और प्लास्टिक सामग्री की दुकान, खिलौने-जनरल स्टोर, मोबाइल की दुकान और रिपेयरिंग, स्टेशनरी व फोटोकॉपी, ब्यूटी पार्लर, सिलाई-कढ़ाई, कपड़ा व फुटवियर की दुकान, कॉस्मेटिक व ज्वेलरी का कारोबार, ई-रिक्शा, ऑटो रिपेयरिंग और पशुपालन जैसे काम शामिल हैं।
ग्रामीण विकास विभाग को मिला बड़ा बजट
ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार के मुताबिक मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के लिए सरकार ने ग्रामीण विकास विभाग को 20 हजार करोड़ रुपये का बजट दिया है। लक्ष्य है कि दिसंबर तक डेढ़ करोड़ से अधिक महिलाओं को इस योजना का लाभ मिले।
नीतीश कुमार का चुनावी मास्टर स्ट्रोक
राजनीतिक जानकार मानते हैं कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना नीतीश कुमार का चुनावी मास्टर स्ट्रोक है। राज्य की महिलाओं को सीधे आर्थिक मदद देना और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ना चुनाव में बड़ा असर डाल सकता है। सरकार का दावा है कि इस योजना से हर परिवार की महिला सदस्य को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक ठोस कदम उठाया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: Ladki Bahin Yojana: लड़की बहिन योजना की महिलाओं के खाते में कब आएगी सितंबर माह की किस्त?












Click it and Unblock the Notifications