NDA में नाराज VIP प्रमुख मुकेश सहनी ने कहा- जरूरत पड़ी तो मोदी और योगी के खिलाफ मुर्दाबाद नारा लगाऊंगा
पटना। बिहार विधानपरिषद चुनाव में सीटों का बंटवारा होने के बाद भी एनडीए में घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। 24 सीटों पर होने वाले विधानपरिषद के चुनाव के लिए भाजपा और जदयू ने आपस में सीटों का बंटवारा कर लिया। लेकिन एनडीए में शामिल जीतन राम मांझी की पार्टी हम और मुकेश सहनी की पार्टी वीआईपी को एक भी सीट नहीं मिली। हालांकि मांझी की पार्टी ने अभी तक कुछ भी नहीं कहा लेकिन मुकेश सहनी ने बगावती तेवर अपना लिया है।

पटना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुकेश सहनी ने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो वो मोदी और योगी के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे भी लगाएंगे। मुकेश सहनी ने ऐलान किया है कि अगर उन्हें विधानपरिषद में सीटें एनडीए की तरफ से नहीं दी गई तो वह 24 सीटों पर अपनी पार्टी के उम्मीदवार उतारेंगे।
मुकेश सहनी ने यह भी कहा कि बोचहा विधानसभा उपचुनाव सीट से वीआईपी हर हाल में अपना उम्मीदावर खड़ा करेगी। मुकेश सहनी ने कहा कि सूर्य पूरब की जगह पश्चिम से उग सकता है लेकिन वीआईपी पार्टी बोचहा विधानसभा उपचुनाव में अपना उम्मीदवार जरूर खड़ा करेगी।
मुकेश सहनी ने कहा कि साल 2020 के चुनाव में भाजपा कमजोर थी तो हमें साथ लिया गया लेकिन अब खुद को मजबूत मान हमें धोखा दिया जा रहा है। मुकेश सहनी ने कहा कि विधानपरिषद की एक सीट रालोजपा को दी जा रही है लेकिन जीतन राम मांझी और उन्हें कमतर आंका जा रहा है।
मुकेश सहनी ने बातचीत के दौरान स्पष्ट किया कि वो नीतीश कुमार के साथ हैं और सरकार चलाने में मदद कर रहे हैं। मुकेश सहनी ने कहा कि जो खुद को हिटलर समझ रहे हैं उन्हें यह समझना पड़ेगा कि अब हिटलर शाही नहीं चलने वाली है।












Click it and Unblock the Notifications