बांकीपुर उपचुनाव से पहले RJD को बड़ा झटका! आज बीजेपी में शामिल होंगे मृत्युंजय तिवारी, 16 को छोड़ी थी पार्टी
Mrityunjay Tiwari: बिहार में 30 जुलाई को बांकीपुर उपचुनाव के लिए मतदान होना है। इस से पहले ही राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को बड़ा झटका लगा है। आरजेडी के लंबे समय तक प्रमुख ब्राह्मण चेहरों में रहे मृत्युंजय तिवारी अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने जा रहे हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी आज पार्टी कार्यालय में उन्हें औपचारिक रूप से सदस्यता दिलाएंगे।
तिवारी ने 16 जुलाई को लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव की पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल ने तेजस्वी यादव के विदेश दौरे से लौटने तक उनका इस्तीफा रोककर रखा था, लेकिन तिवारी ने साफ कर दिया कि अब पार्टी नेतृत्व से बातचीत का कोई मतलब नहीं रह गया है।

पार्टी नेतृत्व पर लगाए गंभीर आरोप
आरजेडी छोड़ने के बाद मृत्युंजय तिवारी ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और काम करने के तरीके पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि तेजस्वी यादव ऐसे लोगों से घिरे हैं, जो पार्टी को अंदर से कमजोर कर रहे हैं। तिवारी का आरोप था कि लंबे समय तक पूरी निष्ठा से काम करने के बाद भी उन्हें नजरअंदाज किया गया और अपमान झेलना पड़ा। उन्होंने बताया कि अपनी शिकायतों को लेकर उन्होंने वरिष्ठ नेताओं और तेजस्वी यादव से बात करने की कोशिश की, लेकिन उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया गया।
ये भी पढ़ें: बांकीपुर जंग के बीच गरजे खेसारी लाल, पीके की तारीफों के बांधे पुल! सोनम वांगचुक का भी किया खुला समर्थन
तिवारी लालू यादव के भरोसेमंद सिपाही रहे हैं। साल 2014 में आरजेडी के मुश्किल दौर के दौरान लालू प्रसाद यादव ने तिवारी पर भरोसा जताया था। उन्हें पार्टी का मीडिया प्रभारी और प्रवक्ता बनाया गया। लालू के जेल में रहने और आरजेडी के विपक्ष में होने के दौरान तिवारी टीवी डिबेट और प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी का पक्ष मजबूती से रखते रहे। MY समीकरण वाली आरजेडी में वह एक प्रमुख ब्राह्मण और सवर्ण चेहरा माने जाते थे।
इस्तीफे के बाद BJP से बढ़ी नजदीकी
इस्तीफे के तुरंत बाद उनके NDA में जाने की चर्चा शुरू हो गई थी। अगले ही दिन भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के साथ उनकी तस्वीर सामने आई। भाजपा नेता प्रेम रंजन पटेल समेत कई नेताओं ने भी उनके पार्टी में आने का स्वागत किया था। मृत्युंजय तिवारी का भाजपा में जाना आरजेडी के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है। पटना की बांकीपुर सीट पर विधानसभा उपचुनाव से पहले यह बदलाव हुआ है। वहीं, तेजस्वी यादव का A टू Z यानी सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का संदेश भी तिवारी के भाजपा में जाने से चुनौती में पड़ सकता है।


Click it and Unblock the Notifications
