बिहार: पुलिस कस्टडी में मौत के बाद बवाल, थाना फूंका, पुलिसकर्मी की मौत
बेतिया, 19 मार्च: बिहार में पश्चिम चंपारण के बेतिया में उस वक्त बड़ा बवाल हो गया, जब पुलिस कस्टडी में लिए गए एक व्यक्ति की मौत हो गई। शख्स की मौत से गुस्साए लोगों ने जमकर हंगामा किया और आक्रोशित ग्रामीणों ने मिलकर थाना फूंका दिया। घटना बेतिया के बलथर पुलिस थाने की है। इस बवाल में हवलदार की मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा पुलिस जवानों के घायल होने की खबर है।

पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बेतिया में भीड़ ने पुलिस हिरासत में एक व्यक्ति की मौत के बाद बलथर पुलिस थाने में आग लगा दी। गुस्साईं भीड़ इतनी उग्र हो चुकी था कि पहले तो उन्होंने जमकर उपद्रव किया। फिर थाना और पुलिस गाड़ियों को आग में झोंक दिया। इतना ही नहीं ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। लोगों के कहर से बचने के लिए पुलिसकर्मियों जान बचाने के लिए खेतों में दौड़ते दिखाई दिए।
बवाल में मारे हुए पुलिसकर्मी का नाम राम जतन सिंह बताया जा रहा है। साथ ही 10 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल भी हैं। उपद्रव की सूचना के करीब चार घंटे बाद पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा, जहां अधिकारियों ने भीड़ को पीछे हटाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण नहीं माने और उन्होंने फिर से पत्थरबाजी शुरू कर दी। भीड़ को काबू में करने के लिए पहले पुलिस ने लाठीचार्ज किया और हवाई फायरिंग करते हुए लोगों के अंदर दहशत बनाई, तब जाकर करीब छह घंटे बाद भीड़ काबू हो पाई।
घटना के मुताबिक शनिवार दोपहर पुलिस एक शख्स को डीजे बजाने पर थाने ले आ गई थी। जहां पुलिस हिरासत में उसकी मौत हो गई। मृतक युवक का नाम अनुरूद्ध यादव बताया जा रहा है। वहीं परिवार ने आरोप लगाया कि उसे बट से बेरहमी से पीटा गया, इस कारण उसने दम तोड़ दिया। जैसे की शख्स की मौत की खबर आग की तरह फैली परिजनों के साथ भारी संख्या में ग्रामीणों ने पुलिस थाना का घेराव कर दिया और देखते ही देखते भीड़ ने बवाल का रूप धारण कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications