Lok Sabha Chunav: महागठबंधन से इन 5 सीटों पर चिराग को भारी टेंशन दे सकते हैं पशुपति पारस
Pashupati Paras News: लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र बिहार में एनडीए के सीट बंटवारे से चिराग पासवान के चाचा केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस नाराज़ चल रहे थे। इसलिए राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के प्रमुख पशुपति कुमार पारस एनडीए गठबंधन से किनारा कर अपने मंत्री पद से भी इस्तीफ़ा दे सकते हैं, यह चर्चा तेज़ थी।
सूत्रों की मानें तो लोकसभा चुनाव में पशुपति कुमार पारस एनडीए गठबंधन को छोड़कर इंडिया गठबंधन का झंडा बुलंद करने का फ़ैसला लिया है। इस बाबत पशुपति पारस ने अपनी पार्टी के नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने कहा कि एनडीए ने हमारी पार्टी को इज़्ज़त नहीं दी है।

इसलिए अब हम लोगों की पार्टी आज़ाद होकर लोकसभा चुनाव लड़ सकती है। इस बाबत राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से बात हुई है, जो कि पॉजिटिव संदेश ही है। हम लोग महागठबंधन का हिस्सा बन सकते हैं, फिलहाल इस पर अभी कोई फ़ैसला नहीं लिया गया है।
आपको बता दें कि दिल्ली में पशुपति कुमार पारस के आवास पर देर शाम तक राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) की बैठक चली। बैठक में लोकसभा चुनाव की रणनीतियों को लेकर चर्चा के साथ ही अन्य विकल्पों पर भी बात की गई।
बैठक में इस बात पर भी मंथन हुआ कि राजग ने सीट शेयरिंग में उनकी पार्टी को तरजीह नहीं दी है। अब पार्टी के अस्तित्व की लड़ाई है, क्योंकि राजग में जो इज़्ज़त मिलनी चाहिए वह नहीं मिली। इसलिए महागठबंधन के साथ जाना सही रहेगा।
सूत्रों की मानें तो महागठबंधन की तरफ़ से राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी को हाजीपुर लोकसभा सीट, समस्तीपुर लोकसभा सीट, खगड़िया लोकसभा सीट, वैशाली लोकसभा सीट और नवादा लोकसभा सीट दी जा सकती है। हाजीपुर लोकसभा सीट से पशुपति कुमार पारस खुद ही चुनाव दांव खेलेंगे।
आपको बता दें कि यह वहीं सीटें हैं जहां से चिराग पासवान अपनी पार्टी के उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रहे हैं। इन लोकसभा सीटों पर अविभाजित लोजपा का वर्चस्व रहा है, चूंकि अब लोजपा दो गुटों में बंट गई है। इसलिए पशुपति पारस अपनी पार्टी का वर्चस्व बनाने के लिए हर वह मुमकिन कोशिश करेंगे, जिससे चिराग पासवान को शिकस्त मिले।












Click it and Unblock the Notifications