लालू यादव के बाहुबली विधायक ने कोर्ट से मांगी इच्छा मृत्यु, गिड़गिड़ाते हुए क्यों कहा मौत दे दीजिए?
Ritlal Yadav Patna civil court hearing: बिहार की राजनीति में एक बार फिर सनसनीखेज मोड़ आया है। राजद के दानापुर से बाहुबली विधायक रीतलाल यादव ने बुधवार को पटना सिविल कोर्ट में पेशी के दौरान जज के सामने इच्छा मृत्यु की मांग कर दी। कोर्ट में सुनवाई के दौरान विधायक ने भावुक होते हुए कहा, 'हुजूर, मुझे इच्छा मृत्यु दे दीजिए, मैं अब ऊब चुका हूं। मेरे ऊपर एक के बाद एक केस दर्ज किए जा रहे हैं, पैरवी करने वाला भी कोई नहीं है।'
यह घटना उस समय हुई जब उन्हें भागलपुर जेल से पटना लाया गया था। कोर्ट में पेश होने के दौरान रीतलाल यादव ने बेऊर जेल में स्थानांतरित किए जाने की गुहार भी लगाई, और कहा कि वहां उनके जानने वाले लोग हैं, जबकि भागलपुर जेल में वह अकेले पड़ गए हैं।

क्या है पूरा मामला?
रीतलाल यादव को 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने 17 अप्रैल 2025 को दानापुर कोर्ट में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद उन्हें बेऊर जेल भेजा गया। लेकिन वहां से 1 मई को उन्हें भागलपुर कैंप जेल में स्थानांतरित कर दिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बेऊर जेल में रीतलाल यादव लगातार अपने पुराने साथियों से मिल रहे थे, जो अलग-अलग मामलों में पहले से वहां बंद थे। पुलिस को आशंका थी कि रीतलाल यादव जेल के अंदर से ही किसी बड़ी आपराधिक साजिश को अंजाम दे सकते हैं, इसलिए उन्हें भागलपुर स्थानांतरित किया गया।
कहां रखा गया है अब?
फिलहाल रीतलाल यादव को भागलपुर जेल की हाई-सिक्योरिटी T-सेल में रखा गया है। यह वही सेल है, जहां कभी बाहुबली नेता और पूर्व विधायक अनंत सिंह को भी रखा गया था। अनंत सिंह अब बेऊर जेल में बंद हैं।
ये भी पढ़ें Tejashwi Yadav का नीतीश कुमार पर हल्ला बोल, '71,000 करोड़ का घोटाला कर मछली-मटन-मुसलमान करते हैं'
पत्नी सरकारी टीचर होते हुए बनीं कंस्ट्रक्शन कंपनी की पार्टनर
रीतलाल यादव पहले से ही जेल में बंद हैं और कानूनी मुश्किलों से जूझ रहे हैं, लेकिन अब उनकी पत्नी रिंकू कुमारी भी पुलिस और प्रशासन के रडार पर आ गई हैं। बिहार पुलिस मुख्यालय ने शिक्षा विभाग से उनकी शिकायत की है और उन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की है।
दरअसल, रिंकू कुमारी एक सरकारी स्कूल में नियोजित शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं, लेकिन उन्होंने नियमों को ताक पर रखकर एक प्राइवेट कंस्ट्रक्शन कंपनी, विजय कंस्ट्रक्शन में बिजनेस पार्टनर बनकर सरकारी आचरण संहिता का खुला उल्लंघन किया है।
यह चौंकाने वाली जानकारी तब सामने आई जब STF ने विधायक रीतलाल यादव के खिलाफ मामलों की नए सिरे से समीक्षा शुरू की। इस जांच में खुलासा हुआ कि विजय कंस्ट्रक्शन कंपनी में 11 नवंबर 2017 से रिंकू कुमारी की साझेदारी दर्ज है। जबकि उसी दौरान वह पूर्णकालिक सरकारी सेविका के रूप में कार्यरत थीं।












Click it and Unblock the Notifications