'मेरे साथ इंसाफ कीजिए',वोटिंग के बीच पवन सिंह की पत्नी ज्योति ने पुलिस पर लगाए उत्पीड़न के आरोप? माफी भी मांगी
Karakat Assembly Election 2025 (Pawan Singh Jyoti Singh): बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण की वोटिंग के बीच काराकाट सीट से निर्दलीय उम्मीदवार और भोजपुरी स्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए चुनावी माहौल में हलचल मचा दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए पुलिस पर आधी रात में उत्पीड़न करने और चुनाव न लड़ने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
वीडियो में ज्योति सिंह खुद पुलिस वाहन के सामने खड़ी दिखाई दे रही हैं। उनके चेहरे पर गुस्सा और बेबसी साफ झलक रही है। वह पुलिसकर्मियों से सवाल कर रही हैं-"बिना महिला कॉन्स्टेबल के आप लोग कैसे आ गए? मेरे मैनेजर को क्यों परेशान कर रहे हैं?" दूसरे चरण के बीच उन्होंने वोटर्स से भी माफी मांगी है।

सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा, मिला लोगों का समर्थन
ज्योति सिंह ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा-"बिहारवासियों, अब जवाब वोट से दीजिए। मेरे साथ इंसाफ आपको ही करना है। खासकर माताओं-बहनों से विनती है।" यह वीडियो कुछ ही घंटों में वायरल हो गया। हजारों लोगों ने ज्योति के पोस्ट पर कमेंट करते हुए उनके समर्थन में आवाज उठाई। कुछ यूजर्स ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की, तो कई लोगों ने कहा कि इस तरह का व्यवहार लोकतंत्र के लिए शर्मनाक है।
वोटिंग के बीच मतदाताओं से मांगी माफी
इसी बीच, मतदान के दिन ही ज्योति सिंह ने एक और भावुक अपील जारी की। उन्होंने कम समय में प्रचार न कर पाने को लेकर मतदाताओं से माफी मांगी। न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, "मेरी बस एक ही कमी रह गई कि प्रचार के लिए समय थोड़ा मिला। फिर भी मैंने अपनी पूरी कोशिश की। जिन लोगों तक नहीं पहुंच पाई, उनसे दिल से माफी मांगती हूं। लेकिन जनता का जो स्नेह और प्यार मिल रहा है, वह मेरे लिए किसी जीत से कम नहीं।" ज्योति ने यह भी कहा कि वह जनता के भरोसे इस चुनाव में उतरी हैं और परिणाम चाहे जो हो, लोगों का स्नेह ही उनकी असली जीत होगी।
पवन-ज्योति के रिश्ते से लेकर राजनीति तक, सबकुछ चर्चा में
पिछले कुछ महीनों से पवन सिंह और ज्योति सिंह की निजी जिंदगी और राजनीतिक फैसलों को लेकर लगातार सुर्खियां बनती रही हैं। कुछ दिन पहले जब ज्योति पवन सिंह से मिलने उनके फ्लैट पहुंचीं, तो वहां का माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया था।
इसी बीच खबर आई थी कि पवन सिंह बीजेपी से काराकाट सीट पर चुनाव लड़ सकते हैं, लेकिन उन्होंने अंतिम वक्त पर मैदान में उतरने से इनकार कर दिया। दूसरी ओर, ज्योति सिंह ने उसी सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन कर सभी को चौंका दिया।
टिकट विवाद और राजनीतिक आरोप
शुरुआती दौर में चर्चा थी कि ज्योति सिंह को प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज से टिकट मिल सकता है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने निर्दलीय तौर पर चुनाव लड़ने का फैसला किया।
वहीं, पवन सिंह ने खुलकर आरोप लगाया था कि ज्योति सिर्फ "चुनावी प्रचार और पब्लिसिटी" के लिए यह सब कर रही हैं। लेकिन ज्योति ने इसका जवाब देते हुए कहा था कि जब पवन लोकसभा चुनाव में काराकाट से उतरे थे, तब उन्होंने जनता के बीच जाकर उनकी मदद की थी। जनता ने ही उन्हें विधानसभा चुनाव में उतरने के लिए प्रेरित किया।
काराकाट सीट बनी हॉटस्पॉट
पवन सिंह के पीछे हटने और ज्योति सिंह के मैदान में आने के बाद काराकाट सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। ज्योति सिंह के खिलाफ मुख्य दलों के उम्मीदवार भी पूरी ताकत झोंक रहे हैं। लेकिन उनके समर्थन में महिलाओं और युवाओं की अच्छी खासी संख्या दिखाई दे रही है।
चुनावी सरगर्मी के बीच ज्योति सिंह का यह आरोप और उनका भावुक संदेश दोनों ही सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। एक तरफ वे पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगा रही हैं, तो दूसरी ओर जनता से माफी मांगकर दिल जीतने की कोशिश भी कर रही हैं। अब देखना होगा कि जनता उनके इस भावनात्मक अपील को वोट में बदलती है या नहीं।












Click it and Unblock the Notifications