Bihar: पुलिस चेकिंग के दौरान छात्र ने नहीं रोकी गाड़ी, ASI ने पीछा करके मारी गोली
Jehanabad News: बिहार पुलिस ने एक छात्र को गोली मारी दी, जिसने चेकपोस्ट जंप किया था। उसका इलाज निजी अस्पताल में जारी है।

बिहार के जहानाबाद जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक छात्र को पुलिसकर्मी ने गोली मार दी। छात्र की गलती बस इतनी थी कि उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। ऐसे में जब पुलिस ने चेकपोस्ट पर उसे रोका, तो उसने अपनी गाड़ी से भागने की कोशिश की। फिलहाल छात्र की हालत स्थिर बताई जा रही। इस मामले में कई पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है।
ये घटना जहानाबाद जिले से लगे छात्र के घर से कुछ किलोमीटर दूर अनंतपुर गांव की है। वहां मंगलवार शाम को पुलिस चेकिंग कर रही थी। तभी 20 वर्षीय छात्र सुधीर कुमार यादव बाइक से पहुंचा। चेकपोस्ट पर पुलिसकर्मियों ने उसको रोकने की कोशिश की, लेकिन वो बच निकला। तभी सहायक उप-निरीक्षक मोहम्मद मुमताज खान ने अपनी सरकारी गन निकाली और उसको गोली मार दी।
जहानाबाद के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पी. दीपक रंजन ने कहा कि सहायक आरोपी एएसआई मुमताज खान को गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही उसकी सर्विस गन को बैलिस्टिक परीक्षण के लिए फोरेंसिक लैब में भेजा गया है। इस मामले में ओकरी थाने के एसएचओ चंद्रहास कुमार और वाहन चेकिंग करने वाली पुलिस टीम में शामिल पांच पुलिस कांस्टेबल को भी निलंबित किया गया।
नशे में होने का आरोप
सुधीर के पिता रवींद्र यादव के मुताबिक घटना के बाद उनके बेटे को एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे को गोली मारने वाला पुलिस अधिकारी शराब के नशे में था।
सुधीर ने कही ये बात
वहीं सुधीर ने बताया कि वो बाजार जाने के लिए बाइक से निकला था। उसके पास ना तो ड्राइविंग लाइसेंस था और ना ही हेलमेंट। जब एसएचओ ने उसको रोकने की कोशिश की, तो वो भाग निकला। इसके बाद एक पुलिस अधिकारी ने चार किलोमीटर तक उसका पीछा किया और फिर गोली चला दी। गोली उसकी पीठ में लगी और वो गिर पड़ा। बाद में उसको अस्पताल में भर्ती करवाया गया।












Click it and Unblock the Notifications