Jehanabad News: जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता, 3 हज़ार बच्चे, जानिए किसे मिले राज्यस्तरीय नेतृत्व का मौका
Jehanabad Sports News: सोमवार 2 सितंबर को जहानाबाद जिला पदाधिकारी अलंकृता पांडे के द्वारा एरोड्रम स्टेडियम, जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन किया गया। 2 सितंबर से लेकर 4 सितंबर तक चलने वाले जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं खेल विभाग के निर्देशो के आलोक में जिला शासन द्वारा आयोजित कराया जा रहा है।
कुल 15 खेल विधाओं में बच्चे एक दूसरे को कड़ी टक्कर देंगे एवं अंडर -14 , अंडर -17 ,अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग में विजेता बच्चे अपने जिले का प्रतिनिधित्व राज्य स्तर पर होने वाले विद्यालय खेल प्रतियोगिता में करेंगे।

इस पूरी प्रतियोगिता में लगभग 95 विद्यालयों के बच्चों ने मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथियों को सलामी दी। जिला पदाधिकारी द्वारा निष्पक्षता एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ खेलो में भाग लेने के लिए प्रतिभागी बच्चों एवं तकनीकी टीम, खेल से जुड़े पदाधिकारी एवम् कर्मियों को शपथ दिलाई गई।
सभी को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी द्वारा खेलों के प्रति बच्चों के बढ़ते रुझान पर प्रसन्नता जताई गई। साथ ही उनके द्वारा अवगत कराया गया कि बिहार सरकार द्वारा खेल विभाग को कला एवं संस्कृति विभाग से अलग कर ,खेलों के विकास के लिए स्वतंत्र भूमिका दी गई है।
सरकार के निर्देशों के आलोक में सभी पंचायत में खेल के क्लबो एवं खेल की संरचना को विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। इसमें शुरुआती पहल करते हुए जिला प्रशासन के द्वारा 15 स्थानों पर, खेल के मैदानो/स्थलों का विकास मनरेगा के तहत किया जा रहा है।
जिला पदाधिकारी ने भरोसा जताया कि छठ पर्व से पूर्व जबकि पूरे राज्य में उत्सव का माहौल होता है इन 15 स्थलों पर तैयार खेल के मैदानो का निर्माण पूर्ण कर लिया जाएगा एवं इन गांवों के युवा, बड़े एवं बच्चे इनमें अपनी खेल कौशल का विकास कर पाएंगे।
जिला पदाधिकारी द्वारा उपस्थित प्रतिभागी बच्चों को शुभकामनाएं दी गई कि आगामी तीन दिनों तक चलने वाले इस जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दे एवं राज्य स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में भी सर्वोच्च स्थान प्राप्त करें।
जिला पदाधिकारी ने अपनी शुभकामनाओं में बच्चों को राज्य ही नहीं, राष्ट्रीय मंचों, अंतराष्ट्रीय स्तर पर भी अपने-अपने परिजनों, अपने जिले ,राज्य एवं राष्ट्र का नाम को गौरव के नए आयाम पर कायम करने की शुभेक्षा दी। जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए 30 अगस्त तक निबंधन का कार्य पूर्ण किया गया है।
इस प्रतियोगिता में लगभग 3000 विभिन्न सरकारी एवं मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के बच्चे सहभागिता करेंगे। आज के शुरुआती दिन, फील्ड एंड ट्रैक के प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। साथ ही खो-खो एवं कबड्डी खेल विधा में बच्चों ने प्रतिस्पर्धा की।
खेल के कुछ परिणाम की बात करें तो अंडर- 14 बालिका कबड्डी खेल विधा में मध्य विद्यालय बौरी ने और बालक वर्ग में कायनात इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल काको ने सर्वोत्तम प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, अंडर- 17 बालिका एवम् बालक के कबड्डी खेल में पी.पी.पी.एस ,जहानाबाद की बालिकाओं/ बालकों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
अंडर-19 बालिका के कबड्डी के प्रतियोगिता में प्लस टू डॉक्टर जमीर अहसन हाई स्कूल ढोढा के लड़कियों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, अंडर-19 बालक वर्ग में हाई स्कूल बौरी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ये सभी राज्यस्तरीय विद्यालय कबड्डी खेल की विधा में अपने आयु वर्ग में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
खो -खो के U-17 की बालक एवम् बालिकाओं की प्रतियोगिता में कुर्मा संस्कृत विद्यालय जहानाबाद के बच्चो ने सबको पीछे छोड़ दिया। अंडर -14 , में खो -खो खेल विद्या में बालकों के वर्ग में कुर्मा संस्कृत विद्यालय जहानाबाद ने बालको एवम् बालिकाओं के वर्ग में बाजी मारी।
अंडर-19 बालक वर्ग में ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल मखदुमपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी आयु वर्ग में बालिकाओं के टीम में गांधी स्मारक प्लस टू विद्यालय सागरपुर की बच्चियों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।












Click it and Unblock the Notifications