बिहार: जदयू नेता की सरेआम गोली मारकर हत्या, हत्यारों की गिरफ्तारी को लेकर शव रखकर हंगामा
बिहार। बिहार के सहरसा में सत्तरकटैया प्रखंड के पूर्व प्रमुख और जदयू नेता बिनोद चौरसिया की मंगलवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना बिहरा थाना क्षेत्र में पटोरी बाजार के पास की है। हमले में बिनोद के साले डॉक्टर नीलेश कुमार भी जख्मी हुए हैं।

बाइक सवार बदमाशों ने बरसाई गोलियां
घायल डॉ. नीलेश ने बताया कि वह अपनी कार से मंगलवार को बहनोई बिनोद चौरसिया के साथ बाजार घूमने निकले थे। दोपहर करीब तीन बजे जब वह घर वापस लौट रहे थे, रास्ते में पटोरी-नवहट्टा रोड पर बाइक सवार करीब पांच बदमाशों ने कार पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी और फरार हो गए। बिनोद के सिर में गोली लगी और नीलेश के हाथ में गोली लगी। दोनों को आनन-फानन में सहरसा के एक निजी नर्सिंग होम लाया गया, जहां डॉक्टर ने बिनोद को मृत घोषित कर दिया।
शव रखकर हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग
बता दें कि नीलेश सदर अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं, परिजन पोस्टमार्टम करवाए बगैर बिनोद के शव को गांव लेकर चले गए। परिजनों ने बिहरा-पटोरी बाजार में शव के साथ सड़क जाम कर दी और बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग को ले पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। घटना के बाद बिहरा बाजार में स्थिति तनावपूर्ण बन गई। एसपी सहरसा राकेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच चल रही है, जल्द ही हत्यारों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications