पप्पू यादव ने ट्वीट कर लिखा- बिहार आज राजनीति के चौराहे पर है, जनता को भाजपा और राजद की पॉलिटिक्स नहीं चाहिए
पटना। बिहार के तारापुर और कुशेश्वरस्थान विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नीतजे सामने आने के बाद जन अधिकार पार्टी के प्रमुख पप्पू यादव ने ट्वीट कर लिखा कि बिहार आज राजनीति के चौराहे पर है। उसे न बीजेपी की साम्प्रदायिक जनविरोधी सियासत चाहिए। न राजद के जातीय दंभ और विद्वेष की घिसी पिटी राजनीति चाहिए। उसे एक नई और ताजा हवा का झोंके जैसी जनपक्षधर सियासत चाहिए। कांग्रेस को इसके लिए गंभीरता से प्रयत्न करना चाहिए।

वहीं उपचुनाव के नतीजे सामने आने के बाद तेजस्वी यादव ने ट्वीट किया। ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा कि हमने मजबूती के साथ दो सीटों पर चुनाव लड़ा। 5 सत्ताधारी पार्टियों के गठबंधन के विरुद्ध राजद ने पहले से अधिक मत प्राप्त किए।मतदाता मालिकों का हार्दिक धन्यवाद। सत्ता में बैठ गांव के हालात को भूल गए लोगों को कथित विकास का दर्शन कराया। बिहार की जनता बदलाव चाहती है और बदलाव होकर रहेगा।
वहीं सीएम नीतीश ने ट्वीट कर लिखा कि बिहार विधानसभा उपचुनाव में कुशेश्वरस्थान एवं तारापुर से जदयू और एनडीए के उम्मीदवारों को जीत दिलाने के लिए क्षेत्र की जनता को बधाई। लोकतंत्र में जनता मालिक है और जनता ने अपना फैसला सुना दिया है।
वहीं कुशेश्वरस्थान विधानसभा सीट पर हार मिलने के बाद राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने हार का ठीकरा पार्टी के तीन लोगों पर फोड़ा है। चुनाव का नतीजा सामने आने के बाद तेजप्रताप अपनी मां राबड़ी देवी के आवास से बाहर निकले और कुशेश्वरस्थान में मिली हार के लिए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह, एमएलसी सुनील सिंह और तेजस्वी के करीबी संजय यादव को जिम्मेदार बताया है।












Click it and Unblock the Notifications