भ्रष्टाचारियों की संपत्ति जब्त करने वाली ED की ही जमीन पर दबंगों का कब्जा, बिहार पुलिस से लगाई गुहार
Bihar ED Property: केंद्र सरकार की वो एजेंसी जो देशभर में भ्रष्टाचारी और बेईमान लोगों की संपत्ति और जमीन को जब्त करते हुए उन पर कार्रवाई करती है। उसी केंद्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय यानी ED की जमीन पर दबंगों ने कब्जा कर लिया, जिसके बाद अब ईडी ने पुलिस ने अपनी जमीन के लिए गुहार लगाई है।
ईडी की जमीन कब्जाने का हैरान कर देने वाला मामला बिहार के वैशाली से सामने आया है, यहां ईडी ने अपनी जमीन को दबंगों से मुक्त कराने के लिए बिहार पुलिस से गुहार लगाई है।

मामले के अनुसार वैशाली जिले के हाजीपुर में एक माफिया ने ईडी की ही जमीन और संपत्ति पर कब्जा कर लिया। अवैध कब्जा होने के बाद वहां इंटर कॉलेज खुलने जा रहा था, लेकिन उससे पहले ही इस केस से पर्दा हट गया।
चौंकाने वाली बात यह है कि ईडी की संपत्ति पर कब्जा करने वाला साल 2016 के चर्चित बिहार टॉपर घोटाले का मास्टरमाइंड अमित कुमार उर्फ बच्चा राय है। जिसकी कई जमीनें और बिल्डिंग्स जब्त की थीं, लेकिन अब बच्चा राय ने धीरे-धीरे इन जमीनों पर फिर कब्जा करना शुरू कर दिया है।
जैसे ही मामला संज्ञान में आया अधिकारियों के होश उड़ गए। अब इस पूरे मामले में ईडी की तरफ से वैशाली जिले के भगवानपुर पुलिस थाने में बच्चा राय के खिलाफ नई एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस ने अमित कुमार पर भगवानपुर थाना में 18 नवंबर को कांड संख्या 272/23 दर्ज किया है।
अपनी जमीन को मुक्त कराने के लिए ईडी के असिस्टेंट डायरेक्टर राजीव रंजन ने भगवानपुर थाने में मामला दर्ज करा कर कार्रवाई करने की मांग की है। इसी के साथ फिलहाल निर्माण कार्य रूकवा दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications