मालकिन नाम की महिला बिहार में बिकवाती थी गांजा, तहखाने में भरा था 4 क्विंटल से ज्यादा
कैमूर। बिहार के कैमूर जिले में पुलिस ने गांजे का धंधा करने वालों पर बड़ी कार्रवाई की। एक तहखाने से 4 क्विंटल से ज्यादा गांजा जब्त किया गया। यहां गांजे को एक महिला समेत कई पुरुष बेचा करते थे। महिला इलाके में मालकिन नाम से चर्चित थी। पुलिस को उसके घर से गांजा, पैक करने का मशीन, बोड़ा, नोट गिनने का मशीन व तराजू आदि सब चीजें मिली हैं।

क्या बोले एसपी कैमूर दिलनवाज अहमद?
एसपी कैमूर दिलनवाज अहमद ने बताया कि, महिला समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अभी मुख्य आरोपी बबलू साह फरार है। उसे पकड़ने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। हमें जो गांजा मिला है, उसकी कीमत लाखों रुपए में होगी। संवाददाता के मुताबिक, कैमूर पुलिस ने भभुआ के छावनी मोहल्ले में छापामारी की।

गांजा से भरी कार पकड़ी गई थी
ऐसा बताया जा रहा है कि, तहखाने में 20 क्विंटल गांजा था। जिसकी कीमत 40 लाख रुपए होगी। पुलिस का कहना है कि, 4 क्विंटल बरामद हुआ है। यहां पिछले दिनों चैनपुर में गांजा से भरी एक कार खड़ी हुई थी। जिसे पुलिस ने कब्जा लिया। हालांकि, उसमें कोई व्यक्ति नहीं मिला था। बाद में 4 लोगों की गिरफ्तारी हुई थी। वहीं, मुख्य सरगना बबलु साह फरार था।

बाइक से हो रही थी डिलीवरी
कैमूर के एसपी ने बताया कि, हमें सूचना मिली थी कि यूपी के बॉर्डर पर नौबतपुर के पास एक व्यक्ति गांजे की डिलीवरी करा रहा है। जिसके बाद दुर्गावती पुलिस को सिविल वर्दी में तैनात किया गया। बाद में एक बाइक सवार 5 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया। उसी समय दूसरा व्यक्ति बाइक से आया और थाना प्रभारी को एक लाख रुपए लेकर पकड़ाए तस्कर को छोड़ने का ऑफर देने लगा।

ऐसे पुलिस के हाथ लगा तहखाना
पुलिस उस तस्कर को पकड़ती, इससे पहले ही वह पुलिस के सामने पैसे फेंककर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। गिरफ्तार हुए बाइक सवार से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि गांजा भभुआ के मालकिन नाम की महिला से लेकर डिलीवरी देने के लिए जा रहे हैं। उसकी निशानदेही पर भभुआ के छावनी मोहल्ले में मालकिन के घर छापामारी की गई। फिर वहां तहखाने से भारी मात्रा में गांजा मिला।












Click it and Unblock the Notifications