बिहार के पूर्व मंत्री शाहिद अली खान का हार्ट अटैक से निधन, लालू, नीतीश और मांझी के रहे खास
पटना। लालू नीतीश और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के खास रहे पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता शाहिद अली खान का निधन हार्ट अटैक के वजह से हो गया। वह ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह पर जियारत के लिए अजमेर शरीफ गए थे। जहां अचानक पेट में दर्द हुआ और जब तक अस्पताल पहुंचे तब तक उनका निधन हो गया। इस बात की जानकारी हम प्रवक्ता दानिश रिजवान ने दी है। बिहार सरकार के पूर्व मंत्री शाहिद अली खान लालू, नीतीश की पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं। जब मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर नीतीश और जीतन राम मांझी के बीच विवाद चला तभी वह नीतीश कुमार की पार्टी जदयू को छोड़ मांझी खेमे में आ गए थे।

बिहार सरकार के पूर्व मंत्री शाहिद अली खान ने राजनीतिक जीवन के 28 वर्ष गुजारे जिसमें पहली बार उन्होंने 1990 में सीतामढ़ी विधानसभा क्षेत्र से जनता दल के टिकट पर विधायक का चुनाव लड़ा था और वह भारी मतों से निर्वाचित हुए थे। जिस वक्त उन्होंने चुनाव लड़ा और जीत दर्ज कराई तभी वह बिहार के सबसे कम उम्र के विधायक थे। फिर वर्ष 2000 में वह जनता दल को छोड़कर लालू के पास चले आए और राजद के टिकट से चुनाव लड़ा।
वहीं 2005 में जदयू के टिकट पर पुपरी और 2010 में सुरसंड से विधायक बने । इसके साथ-साथ उन्हें बिहार सरकार के मंत्रिमंडल में भी शामिल किया गया। वह अल्पसंख्यक कल्याण, विधि व आईटी मंत्री रहे। वर्ष 2015 में माझी कि पार्टी हम से चुनाव लड़ा लेकिन वह हार गए।
आपको बताते चलें कि हम के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष शाहिद अली खान के तीन बेटियां हैं। मौत की खबर सुनते ही पूरे परिवार में शोक का लहर कायम हो गया तो पार्टी के नेता भी अचंभित रह गए। पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि शाहिद अली का निधन पार्टी और मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। वे पार्टी के स्तंभ थे। शाहिद अली के निधन पर सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम ने दुख व्यक्त किया है।












Click it and Unblock the Notifications