बिहारः प्रसिद्ध सर्जन डॉ. आर आर झा की कोरोना के चलते मौत, पटना एम्स में चल रहा था इलाज
समस्तीपुर। बिहार में कोरोना का प्रकोप धीरे-धीरे बढ़ते जा रहा है। पहले भाजपा एमएलसी की कोरोना के चलते मौत हो गई तो अब प्रदेश के प्रसिद्ध सर्जन डॉ. रति रमण झा का कोरोना के चलते देहांत हो गया। बुधवार को एम्स में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। डॉ. आरआर झा की मौत की खबर मिलते ही चिकित्सकों के साथ-साथ आम लोगों में भी हड़कंप मच गया। बता दें कि डॉ. आरआर झा ने लगभग 40 साल तक समस्तीपुर में अपनी सेवा दी है। वह मूल रूप से पूर्णिया के रहने वाले थे।

पटना एम्स में भर्ती थे डॉक्टर आरआर झा
8 जुलाई को उनका सैंपल लिया गया था। लेकिन 13 जुलाई तक रिपोर्ट नहीं आने पर एक बार फिर 14 जुलाई को उनका सैंपल लिया गया। इस दौरान उनको सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। 14 जुलाई को रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उनकी तबियत को देखते हुए अच्छे इलाज के लिए पटना एम्स रेफर कर दिया गया। डॉ. झा पहले से ही किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे। सिविल सर्जन की मौत की खबर के बाद सदर अस्पताल में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जहां सभी चिकित्सक और स्वास्थ्य विभाग के कर्मी मौजूद रहे।

50 से ज्यादा डॉक्टर हो चुके हैं संक्रमित
समस्तीपुर जिले में कोरोना वायरस से संक्रमित होने वाले लोगों में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। बीते 13 दिनों से प्रतिदिन करीब 1100 से अधिक नये मामले सामने आ रहे हैं। मुख्यमंत्री आवास से लेकर कई दफ्तरों में कोरोना वायरस का संक्रमण फैल चुका है। अब तो इसकी जद में कोरोना वॉरियर्स भी बड़ी संख्या में आते जा रहे हैं। राज्य के करीब 50 डॉक्टर कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं, जिनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।

प्रदेश में चार डॉक्टरों की हो चुकी है मौत
स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राजधानी पटना के एम्स में फिलहाल तीन सिविल सर्जन सहित 30 कोरोना संक्रमित डॉक्टर भर्ती हैं। राज्य के 4 चिकित्सकों की अबतक मौत हो चुकी है। पटना में 31 और भागलपुर में 17, गया में 13 और दरभंगा में 10 लोगों की कारोना से मौत हो गयी है। शेष जगहों पर आंकड़े दोहरे अंक में नहीं पहुंचे।












Click it and Unblock the Notifications