बिहार में इंजीनियर का भ्रष्टाचार एक्सपोज: रातभर में फूंक दिया करोड़ों का कैश, फिर भी छापेमारी में लाखों बरामद!
बिहार पुलिस की इकोनॉमिक ऑफेंस यूनिट (EOU) ने शुक्रवार को पटना में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। ग्रामीण कार्य विभाग (Rural Works Department) के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर विनोद कुमार राय के घर पर छापेमारी में मिली बेहिसाब दौलत देखकर अफसर भी दंग रह गए। टीम ने अवैध संपत्ति का बड़ा खुलासा किया।
अधिकारियों के अनुसार, तड़के शुरू हुई इस छापेमारी में 40 लाख रुपये नकद, लगभग 20 लाख रुपये के जले हुए नोट, 10 लाख रुपये की ज्वेलरी, 6 लाख रुपये की लग्जरी घड़ियां और करोड़ों रुपये के जमीन के दस्तावेजों के अलावा 12 से ज्यादा बैंक खातों की जानकारी मिली।

इंजीनियर की पत्नी ने घर से बाहर रखे अधिकारी
मिली जानकारी के अनुसार, जब टीम रेड मारने पहुंची तो इंजीनियर की पत्नी ने उन्हें घर में दाखिल नहीं होने दिया।उन्होंने कहा कि वह घर में अकेली है। ऐसे में मजबूरन टीम को सुबह तक का इंतजार करना पड़ा। दूसरी ओर घर में मौजूद इंजीनियर रातभर नोट जलाते रहे। ऐसा अनुमान है कि करीब 2 से 3 करोड़ रुपये का कैश जलाकर राख कर दिया।
घर के अंदर कैश और कीमती सामान देख दंग रह गई टीम
कार्रवाई के दौरान विनोद राय द्वारा नोट जलाने के कारण घर की नालियां जाम हो गईं, जिससे नगर निगम की टीम को जले हुए नोट बरामद करने में मदद करनी पड़ी। सुबह लगभग 5:20 बजे, टीम जबरन अंदर घुसी और नजारा देखकर दंग रह गई-घर के अंदर नकदी और कीमती सामान बिखरा पड़ा था।
जले हुए नोटों की जांच के लिए बुलाई टीम
जले नोटों की जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कितना पैसा नष्ट हुआ है। अधिकारियों ने इसे बिहार के सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार के खिलाफ ईओयू की व्यापक कार्रवाई का हिस्सा बताया।
आय से अधिक संपत्ति की होगी जांच
राय वर्तमान में मधुबनी में तैनात हैं और सीतामढ़ी ज़िले का अतिरिक्त प्रभार भी उनके पास है। उनसे पूछताछ की जा रही है और उनकी आय से अधिक संपत्ति के सोर्स का पता लगाने के लिए आगे की जांच चल रही है। यह घटना एक बार फिर इस बात पर प्रकाश डालती है कि भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे अधिकारी अपनी काली कमाई को छिपाने के लिए किस हद तक जा सकते हैं।
दरअसल, यह हाल के दिनों में ग्रामीण कार्य विभाग के किसी सरकारी अधिकारी के घर से नकदी और आभूषणों की यह सबसे बड़ी ज़ब्ती थी। ज़ब्ती के बाद आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने पटना स्थित अपने पुलिस स्टेशन में एक प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने विनोद और उनकी पत्नी को सरकारी काम में बाधा डालने के आरोपों में गिरफ्तार कर लिया है। इंजीनियर के खिलाफ भ्रष्टाचार का अलग से मामला चलाया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications