पटना मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल के बाद से अब तक 12 मरीजों की मौत!
पटना। बिहार की राजधानी के पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल,पीएमसीए में जूनियर डॉक्टर हड़ताल पर चले गए हैं। जूनियर डॉक्टरों के हड़ताल पर जाने से अब तक 12 मरीजों की मौत हो चुकी है। सोमवार की सुबह शिशु वार्ड में बच्चे की मौत से गुस्साए परिजनों ने डॉक्टरों के साथ जमकर मारपीट की जिससे नाराज जूनियर डॉक्टरों ने कामकाज ठप कर दिया और हड़ताल पर चले गए। जूनियर डॉक्टरों ने आरोपी कि गिरफ्तारी ना हो जाने तक हड़ताल जारी रखने की चेतावनी दी है।

क्यों गए हड़ताल पर
जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष शंकर कुमार ने बताया कि रविवार देर रात परिजनों ने शिशु विभाग में एक बच्चे को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया। सोमवार सुबह बच्चे की तबीयत में थोड़ा सुधार हुआ तो परिजन उसे किसी दूसरे अस्पताल ले जाने लगे। इस पर डॉक्टरों ने परिजनों से इस बात की लिखित में स्वीकृति लेनी चाही और फिर बच्चे को डिस्चार्ज करने की बात कही तो परिजन भड़क गए और मारपीट करने लगे। मारपीट में एक डॉक्टर घायल हो गए। जिसके बाद से गुस्साए जूनियर डॉक्टर हड़ताल पर चले गए हैं।

नर्स और वार्डब्वॉय के हवाले अस्पताल
जानकारी के अनुसार पटना मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल से अस्पताल में अफरातफरी मच गई है और अब तक 9 बच्चों समेत 12 मरीजों की मौत हो गई है। इससे मरीजों की जान आफत में आ गई है। मरीजों को दवा, इलाज के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है लेकिन डॉक्टर अपनी जिद पर अड़े हैं। अस्पताल की स्वास्थ्य सेवा पूरी तरह से नर्सों के हवाले हो गई हैं। ओपीडी और इमरजेंसी को बंद कर दिया गया है। एक भी मरीज को अस्पताल में भर्ती नहीं किया जा रहा है और जो पहले से भर्ती हैं वह इलाज के अभाव में अस्पताल से पलायन कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications